Tajmahal: ताजमहल के पास अवैध निर्माणों का शुरू हुआ सर्वे, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का होगा अनुपालन

अब प्रत्येक शुक्रवार को ताजगंज क्षेत्र में होगी फुट पेट्रोलिंग। ताजगंज थाना में हुई बैठक में लिया गया था कार्रवाई का निर्णय। महीने में एक बार उच्‍चाधिकारी करेंगे अभियान की समीक्षा। एएसआइ व एडीए की टीम ने ताजमहल के आसपास निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 01:39 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 01:39 PM (IST)
Tajmahal: ताजमहल के पास अवैध निर्माणों का शुरू हुआ सर्वे, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का होगा अनुपालन
ताजमहल के आसपास अवैध निर्माण हटाने को अब हर सप्‍ताह निगरानी होगी।

आगरा, जागरण संवाददाता। विश्वदाय स्मारक ताजमहल के आसपास ताजगंज में अवैध निर्माणों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक शुक्रवार को एसीएम चतुर्थ के निर्देशन में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और ताजगंज पुलिस की टीम क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग करेगी, जिससे अवैध निर्माणों को रोका जा सके। इसकी समीक्षा माह के चाैथे शुक्रवार को उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी।

ताजगंज थाना में 13 सितंबर को पुलिस-प्रशासन ने ताजमहल से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के चलते ताजमहल के समीप पर्यटन सुविधा, अवैध निर्माण व अतिक्रमण के संबंध में बैठक की थी। एएसआइ के प्राचीन स्मारक, पुरातत्वीय स्थल और अवशेष अधिनियम के तहत संरक्षित स्मारक की 100 मीटर की परिधि में कोई निर्माण नहीं हो सकता है। इस दायरे के बाहर 200 मीटर की परिधि में सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर काम कराया जा सकता है। ताजमहल समेत अन्य स्मारकों के आसपास बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हो चुके हैं। एएसआइ अवैध निर्माण होने पर संबंधित थाना क्षेत्र में एफआइआर कराता है, लेकिन उसे रुकवाने को पुलिस-प्रशासन कुछ नहीं करता। बैठक में तय हुआ था कि अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। एएसआइ थाना पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माण हटाएगा। इसमें थाना पुलिस उसे पूरा सहयोग करेगी। नियमित प्रयास कर अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। बुधवार को एएसआइ व एडीए की टीम ने ताजमहल के आसपास निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। अवैध निर्माणों को भी देखा गया। अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि ताजमहल के समीप अवैध निर्माणों का सर्वे किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी