तूफान और ओलों से रोते किसानों के राज्‍यमंत्री उदयभान सिंह ने पोंछे आंसू

राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह ने गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। बारिश ने तोड़ा 30 साल का रिकार्ड।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 09:28 AM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 09:28 AM (IST)
तूफान और ओलों से रोते किसानों के राज्‍यमंत्री उदयभान सिंह ने पोंछे आंसू
तूफान और ओलों से रोते किसानों के राज्‍यमंत्री उदयभान सिंह ने पोंछे आंसू

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना के चलते लॉकडाउन और उस पर से शुक्रवार रात आए तूफान और ओलों ने किसानों की आंखों को आंसुओं से भर दिया है। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित किसानों को भरोसा दिलाया कि जल्दी ही नुकसान का आंकलन कराकर शासन स्तर से पीड़ित किसानों की मदद कराने के प्रयास किए जाएंगे।

नुकसान का जायजा लेने पहुंचे राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने शनिवार को आगरा जनपद के तुरकिया, झारोठी, अटूस, कथवरी, भिलावती, कुकथरा आदि गांंवों का दौरा किया। उनके साथ दौरे में एडवोकेट रामेश्वर वर्मा, डा. मुरारीलाल प्रधान (अटूस), जितेंद्र वर्मा (भिलावती), सत्यप्रकाश (रेपुरा), इन्द्र सिंह, रामखिलाड़ी, रामबाबू, मानवेंद्र, डा. बीके सिंह साथ रहे। चौधरी उदयभान सिंह ने बताया ओलावृष्टि और तूफान से किसानों और ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। उनकी मदद कराने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।

बारिश ने 30 साल का रिकॉर्ड तोडा

शुक्रवार को तूफान के साथ बारिश के बाद शनिवार सुबह भी तेज बारिश हुई थी। इससे मई महीने में बारिश का 30 साल का रिकॉर्ड टूट गया। 82 एमएम से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। धूप निकलने के बाद भी गर्मी और लू से राहत मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 13 डिग्री नीचे चला गया। शुक्रवार रात सात बजे तूफान के साथ ओले पडे और बारिश हुई, करीब एक घंटे तेज बारिश हुई। इसके बाद रात में रुक रुक कर बारिश होती रही। शनिवार सुबह आठ बजे तक तेज बारिश हुई। इस तरह शुक्रवार और शनिवार को 82. 4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे पहले मई महीने में 1991 में तूफान के साथ बारिश हुई थी, 21 मई 1991 की रात को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उस समय तेज बारिश हुई थी। इस बार भी एक घंटे तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक रुक कर बारिश होती रही।

पिछले पांच सालों में मई में 20 से 25 एमएम हुई बारिश

पिछले पांच सालों में मई महीने में आगरा में 20 से 25 एमएम बारिश हुई है। प्री मानसून की बारिश भी मई में होती है। मगर, पिछले कुछ सालों से प्री मानसून की बारिश देर से हो रही है। इसमें भी 2014 में सबसे कम 6.5 एमएम बारिश हुई।

पांच जून तक आंधी और बारिश, एक साथ कई तूफान सक्रिय

डीईआइ के पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ रंजीत कुमार ने बताया कि इस समय देश में 13 तरह के तूफान चल रहे हैं, ये अलग अलग दिशाओं से आगे बढ रहे हैं। पहाडी क्षेत्रों से ठंडी तेज हवा चल रही है, मैदानी इलाकों से गर्म हवा चल रहीं हैं। जहां ये दोनों टकरा रहे हैं, वहां तूफान के साथ ओले पड रहे हैं और बारिश हो रही है। ऐसे में यहां पांच जून तक आंधी के साथ बारिश हो सकती है। एक और तीन जून को बादल छटने के साथ धूप निकलेगी।

chat bot
आपका साथी