विशेष सचिव ने किया आंबेडकर विश्वविद्यालय के परिसरों का निरीक्षण, पूछे सवाल

राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षण अभियान व अन्य स्रोतों से मिले अनुदान से हुए कार्यों की ली जानकारी। कर्मचारियों से की बात लंबित आवेदनों से संबंधित पूछे सवाल। शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आवासीय परिसर भी देखे। वहीं बीएड मामले में एसआइटी भी विवि परिसर पहुंची।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:56 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:56 AM (IST)
विशेष सचिव ने किया आंबेडकर विश्वविद्यालय के परिसरों का निरीक्षण, पूछे सवाल
आंबेडकर विवि आगरा का विशेष सचिव ने निरीक्षण किया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षण अभियान (रूसा) व अन्य स्रोतों से विश्वविद्यालय परिसरों में हुए निर्माण व सुविधाओं का निरीक्षण करने विशेष सचिव शनिवार को विश्वविद्यालय पहुंचे। आवासीय इकाई के अलावा विश्वविद्यालय परिसर में हर विभाग का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से बात की।

विशेष सचिव श्रवण कुमार ने आवासीय इकाई में रूसा से जुटाए गए संसाधनों की जानकारी प्राप्त की।रूसा के तहत मिले अनुदान से कहां-कहां निर्माण कार्य हुए, क्या संसाधन जुटाए गए, इसकी जानकारी जुटाई। रूसा के अलावा अन्य स्रोतों से मिले अनुदान से विश्वविद्यालय ने क्या-क्या किया, यह भी जानकारी ली गई। विशेष सचिव ने खंदारी, पालीवाल पार्क, सुल्तानगंज की पुलिया, छलेसर, गोपालकुंज, सिविल लाइंस आदि परिसरों का दौरा किया। विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में डिग्री से लेकर आनलाइन और बीए से लेकर गोपनीय विभाग में जाकर कर्मचारियों से बात की। सवाल पूछे कि कितने आवेदन लंबित हैं, कितने दिनों में डिग्री व अंकतालिकाओं की शिकायतों का निस्तारण किया जाता है। विशेष सचिव के साथ कुलसचिव संजीव सिंह, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, वित्त अधिकारी एके सिंह व शिक्षक रहे।

एसआइटी की टीम ने जब्त किए चार्ट

शनिवार को ही 2004-05 फर्जी बीएड डिग्री मामले में एसआइटी की टीम भी विश्वविद्यालय पहुंची। इसी साल जुलाई में विश्वविद्यालय ने फर्जी रोल नंबर की रिपोर्ट उच्च न्यायालय में जमा की थी। इसी संबंध में कुछ सवालों के जवाब लेने टीम विश्वविद्यालय पहुंची थी। कुछ कर्मचारियों के भी बयान लिए और चार्ट आदि भी जब्त किए।

chat bot
आपका साथी