आगरा देहात अंचल की संक्षेप खबरें

खंदौली में दो पक्षों में मारपीट चार हिरासत में वोट नहीं देने को लेकर हुआ झगड़ा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 06:25 AM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 06:25 AM (IST)
आगरा देहात अंचल की संक्षेप खबरें
आगरा देहात अंचल की संक्षेप खबरें

जागरण टीम, आगरा। प्रधान पद के उम्मीदवार को वोट नहीं देने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। खंदौली के पेतखेड़ा में शुक्रवार दोपहर पंचायत चुनाव में प्रधान पद के प्रत्याशी रहे बनी सिंह और गौतम सिंह के समर्थकों में एक-दूसरे पर वोट नहीं देने का आरोप लगाते हुए संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। सूचना पर गई पुलिस ने शरीफ समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसओ अरविंद निर्वाल ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मेड काटने के विवाद में चले लाठी और फरसे, दो लोग घायल

जागरण टीम, आगरा। खेत की मेड़ काटने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। उनमें जमकर लाठी-डंडे और फरसे चले। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कागारौल के गांव बरबर निवासी रूपेंद्र शुक्रवार शाम ट्रैक्टर से अपने खेत पर जोताई करा रहे थे। इस दौरान पड़ोसी खेत मालिक भी पहुंच गया। उसने मेड़ काटने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और उनमें लाठी-डंडे व फरसे चले। रूपेंद्र पक्ष के दो लोग घायल हो गए। रूपेंद्र ने थाना कागारौल में 10 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ प्रशांत त्यागी ने बताया कि मेड़ काटने के विवाद में मारपीट हुई है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। खेत में मिला कंटेनर, गोवंश तस्करी की आशंका

जागरण टीम, आगरा। खेत में फंसे कंटेनर को निकालने आए दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ग्रामीणों ने उन पर गोवंश की तस्करी का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह फतेहपुर सीकरी के चौमा शाहपुर में मंडी मिर्जा खां लिंक मार्ग पर बंदरौली के निकट कंटेनर को खेतों में देख ग्रामीणों को शक हुआ। उनके मुताबिक कंटेनर के नीचे घास बिछी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त कंटेनर में गोवंश की तस्करी की जा रही थी। कंटेनर पर आगे की ओर हरियाणा और पीछे की तरफ राजस्थान नंबर की प्लेट लगी है। कंटेनर को दो लोग निकालने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले गई। इंस्पेक्टर संजीव शर्मा के मुताबिक जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फतेहाबाद में मिला वृद्ध का शव

जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद में आगरा रोड बाइपास पर शुक्रवार सुबह 60 वर्षीय वृद्ध का शव सड़क किनारे मिला। फिलहाल वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि वह मांग कर खाना खाता था। पिछले दो-तीन दिन से क्षेत्र में ही घूम रहा था। पुलिस के मुताबिक शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। रिश्तेदार बनकर बैंक खाते से उड़ाए 49 हजार रुपये

जागरण टीम, आगरा। साइबर शातिरों ने रिश्तेदार बनकर ग्रामीण के बैंक खाते से 49 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है। फतेहपुर सीकरी के गांव अरहेरा निवासी धर्मेद्र सिंह मार्केटिंग का काम करते हैं। उनके मुताबिक बीते गुरुवार को उनके पास अंजान नंबर से काल आई। फोनकर्ता से खुद को उनका रिश्तेदार बताया। उसने बातों में फंसाकर फोन पे के माध्यम से उनके बैंक खाते से 49 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। धोखाधड़ी का शक होने पर उन्होंने पुन: उसे काल किया तो उसने फोन नहीं उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी