आगरा देहात की संक्षेप खबरें

मोटर में करंट आने से किसान की मौत स्वजन में मचा कोहराम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 06:45 AM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 06:45 AM (IST)
आगरा देहात की संक्षेप खबरें
आगरा देहात की संक्षेप खबरें

जेएनएन, आगरा। अकोला में पानी भरते समय मोटर में आए करंट से किसान की जान चली गई। कागारौल के गांव बास सुजान निवासी सुरजीत (33) पुत्र प्रेम सिंह शनिवार की दोपहर मोटर से पानी भर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जोरदार करंट लगा और वे बेहोश हो गया। हादसे की जानकारी पर स्वजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे स्वजन में कोहराम मच गया। सुरजीत दो भाइयों में बड़े थे। उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने बताया कि स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। नगला दलेल में चकमार्ग और तालाब पर अवैध कब्जा

जेएनएन, आगरा। पिनाहट के नगला दलेल में चकमार्ग और तालाब पर कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई है। पिनाहट के गांव नगला दलेल निवासी मूलचंद के मुताबिक गांव के ही कुछ लोगों ने सरकारी चकमार्ग पर निर्माण करा लिया है। दो ग्रामीणों ने तालाब पर भी कब्जा कर लिया है। आरोप लगाया है कि इसकी शिकायत पर संबंधित लेखपाल ने सांठगांठ कर फर्जी रिपोर्ट लगा दी। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से ग्राम पंचायत की भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है। पुरानी ईंट से पंचायत घर का निर्माण, वीडियो वायरल

जेएनएन, आगरा। बाह के ग्राम पंचायत बघरैना में पंचायत घर के निर्माण में पुरानी ईंट के प्रयोग का वीडियो वायरल होने से अधिकारी सकते में है। हर ग्रामसभा स्तर पर पंचायत घर का निर्माण होना है। बाह के गढि़या गांव में पुराने पंचायत भवन को तोड़कर उसकी ईंट नए पंचायत घर के निर्माण में लगाई जा रही थीं। शनिवार को किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इधर, वीडियो वायरल होते ही ग्राम प्रधान ने काम को बंद करा दिया। छेड़छाड़ का आरोपित किशोर गिरफ्तार

जेएनएन, आगरा। बाह के खेड़ा राठौर में किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपित 15 वर्षीय किशोर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। चार दिन पहले किशोरी मंदिर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में किशोर ने उससे छेड़छाड़ की। घर लौटकर उसने स्वजन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने थाने में मुकदमा दर्ज किया। थाना समाधान दिवस में आई तीन शिकायतें

जेएनएन, आगरा। फतेहाबाद में थाना समाधान दिवस में शनिवार को सीओ वीएस वीरकुमार ने फतेहाबाद थाने में शिकायतें सुनीं। यहां तीन शिकायतें आई। इनके निस्तारण के संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। समाधान दिवस में लेखपाल नहीं पहुंचे। यहां इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, एसएसआइ राकेश कुमार सागर, जितेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे। देसी शराब के 24 पव्वे समेत युवक गिरफ्तार

जेएनएन, आगरा। फतेहपुर सीकरी में देसी शराब के 24 पव्वों समेत पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित उंदेरा गांव निवासी ओमप्रकाश है। वह राजस्थान निर्मित देसी शराब बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने उसे चेकिंग के दौरान दूरा रोड पर उंदेरा नहर पुलिया के समीप से गिरफ्तार किया।

chat bot
आपका साथी