Accident at Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेस वे पर पलटी स्लीपर कोच बस, पांच दर्जन यात्री घायल

Accident at Yamuna Expressway दस यात्रियों की की हालत गंभीर चार को भेजा गया आगरा। जोधपुर के केसी जैन ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस बिहार के दरभंगा जिले से दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए चली। बस में दरभंगा और मधुबनी जिले के करीब 150 मजदूर सवार थे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 04:02 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 04:02 PM (IST)
Accident at Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेस वे पर पलटी स्लीपर कोच बस, पांच दर्जन यात्री घायल
यमुना एक्सप्रेस पर हादसे का शिकार हुइ दरभंगा की बस।

आगरा, जागरण संवाददाता। थाना महावन क्षेत्र में सोमवार दोपहर को बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर कोच बस यमुना एक्सप्रेस वे पर पलट गई। बस में डेढ़ सौ सवारियां सवार थीं। हादसे में पांच दर्जन यात्री घायल हुए हैं। दस की हालात नाजुक है। चार घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कालेज आगरा के लिए भेजा गया है।

जोधपुर के केसी जैन ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस बिहार के दरभंगा जिले से दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए चली। बस में दरभंगा और मधुबनी जिले के करीब 150 मजदूर सवार थे। कोरोना कर्फ्यू समाप्त होने के बाद मजदूर दिल्ली, पानीपत समेत अन्य जिलों में अपने-अपने काम पर लौट रहे थे। थाना महावन क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 117-118 के मध्य बस के पिछले पहिए का एक्सल टूट गया। चालक ने एक साथ ब्रेक मार दिए। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मधुबनी जिले के गांव बांका निवासी आमीर, गांव रसीदपुर निवासी अमरेश राय और दरभंगा के गांव कितुका निवासी राकेश यादव, गांव बहैंटा निवासी सुदेश कुमार ने बताया, बस की एक-एक सीट पर पांच-पांच सवारियां बैठी हुई थीं। गैलरी में भी यात्री बैठे थे। यात्रियों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। सभी अलग-अलग गांवों के थे। अचानक बस पलट गई। बस पलटते ही यात्री एक दूसरे के ऊपर गिर गए। मदद के लिए चीखने चिल्लाने लगे। सांस लेने में दिक्कत होने लगी। खिड़की भी खुल नहीं पा रही थी। यात्रियों ने बस की खिड़कियों केे शीशे तोड़े। तब यात्री बाहर निकल कर आए। हादसे में साठ यात्री घायल हो गए। तीसरे पहर तक 19 यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र, सीओ सदर गौरव त्रिपाठी, सीओ महावन नीलेश मिश्रा, थाना जमुनापार, वृंदावन, राया, बलदेव और महावन थाने का भी फोर्स पहुंच गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा भी पहुंच गए। बस का चालक घटनास्थल से भाग गया। सीएमओ रचना गुप्ता, सीएमएस मुकुंद बंसल, जेडी आरके गुप्ता, एसपी सिटी एमपी सिंह, एसडीएम महावन कृष्णानंद तिवारी, कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए। डा. रमेश चंद्रा, डा. रमन, डा. विकास मिश्रा, डा. देवेंद्र मोहन, डा. एसएस छाबड़ा, डा. भूदेव सिंह और डा. धर्मवीर सिंह को घायलों के उपचार के लिए लगाया गया। सीएमएस ने बताया, चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उनको एसएन मेडिकल कालेज आगरा रेफर किया गया है।

chat bot
आपका साथी