बुखार से 24 घंटे में छह और की मौत

डौकी में तीन अछनेरा बरहन और लड़ामदा गांव में एक-एक ने दम तोड़ा

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 06:10 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 06:10 AM (IST)
बुखार से 24 घंटे में छह और की मौत
बुखार से 24 घंटे में छह और की मौत

जागरण टीम, आगरा। ग्रामीण अंचल में बुखार के कहर के बीच 24 घंटे में छह की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे शामिल हैं। अछनेरा के बस्तई गांव में कई लोग बीमार हैं। उनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

डौकी के एत्मादपुर मदरा निवासी लेखराज के 17 वर्षीय बेटे पंकज को तीन दिन पहले बुखार आया था। स्वजन ने गांव में ही इलाज कराया। शनिवार को हालत बिगड़ने पर आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

इकतरा निवासी इकराम के छह वर्षीय बेटे रहमान को भी तीन दिन से बुखार था। शुक्रवार रात उपचार के दौरान रहमान ने शहर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों के स्वजन डेंगू से मौत बता रहे हैं।

नगरिया निवासी 57 वर्षीय हरी सिंह को पांच दिन पहले बुखार आया था। स्वजन ने दो दिन झोलाछाप से इलाज कराया। तबीयत बिगड़ने पर शहर के अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार शाम हरी सिंह की मौत हो गई।

अछनेरा के बस्तई निवासी रूप सिंह के 18 वर्षीय बेटे रामप्रकाश को पांच दिन से बुखार था। शुक्रवार को हास्पिटल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वजन ने बताया कि डाक्टरों ने उसे डेंगू बताया था। बस्तई गांव में वंकेश पुत्र रूप सिंह, बिट्टू, हरेश, पूजा समेत दर्जन भर से अधिक लोग बीमार हैं। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बरहन के अशोक नगर निवासी मनोज कुशवाहा के सात माह के बेटे कुशाल उर्फ गोलू को चार दिन से बुखार था। स्वजन आवंलखेड़ा के झोलाछाप से इलाज करा रहे थे। शनिवार को हालत बिगड़ने पर स्वजन कुशाल को आगरा ले जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। बरहन क्षेत्र में बुखार से अब तक 18 की मौत हो चुकी है।

गांव लड़ामदा निवासी 11 वर्षीय सिमरन को चार दिन पहले बुखार आया था। स्वजन उसका इलाज झोलाछाप से करा रहे थे। दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

chat bot
आपका साथी