रूफ टाप रेस्टोरेंट में शराब को लेकर हंगामा, दो मुकदमे दर्ज

ग्राहक और रेस्टोरेंट मैनेजर ने एक दूसरे पर लगाए आरोप देर रात तक चला हंगामा रकाबगंज क्षेत्र की घटना दोनों पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने लिखा डकैती का मुकदमा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 09:04 PM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 09:04 PM (IST)
रूफ टाप रेस्टोरेंट में शराब को लेकर हंगामा, दो मुकदमे दर्ज
रूफ टाप रेस्टोरेंट में शराब को लेकर हंगामा, दो मुकदमे दर्ज

आगरा, जागरण संवाददाता। रकाबगंज क्षेत्र के एक रूफ टाप रेस्टोरेंट में बुधवार रात शराब को लेकर हंगामा हुआ। रेस्टोरेंट में परिवार के साथ पहुंचे चांदी व्यापारी ने रेस्टोरेंट के स्टाफ और मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए। वहीं, रेस्टोरेंट मैनेजर ने भी उन पर आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

नाई की मंडी बड़ी अथाई निवासी गौरव गुप्ता चांदी कारोबारी हैं। बुधवार को उनकी पत्नी का जन्मदिन था। गौरव और उनके दोस्तों के परिवार डिनर करने बुधवार रात को रकाबगंज क्षेत्र में स्थित पाम बुर्ज रेस्टोरेंट में गए थे। उन्होंने बताया कि उनके साथ महिलाएं और बच्चे भी थे। रेस्टोरेंट में वेटर को उन्होंने खाने का आर्डर दे दिया। वेटर ने उनसे कहा कि शराब कौन सी देनी है। उन्होंने शराब का आर्डर देने से इन्कार कर दिया।उन्होंने वेटर से कहा कि वे बस खाना खाएंगे। यह सुनते ही वेटर ने कहा कि वह सर्विस नहीं दे पाएगा। वेटर ने अपने मैनेजर को बुला लिया। उन्होंने आते ही अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद गौरव और उनके साथ पहुंचे परिवार के सदस्य रेस्टोरेंट से बाहर निकल आए। तभी वहां बाउंसर आ गए। उनके हाथ में हाकी और डंडे लगे थे। मारपीट शुरू कर दी।उन्होंने मारपीट के साथ ही उनके गले से सोने की चेन भी तोड़ लीं। घटना के बाद महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए। उनकी तहरीर पर रकाबगंज थाने में डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, रेस्टोरेंट की तरफ से जीएम आदेश नारायण ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट में बार भी है। आरोप लगाने वाला पक्ष बच्चों की पानी की बोतल में बाहर से शराब लेकर आया था। खाने का आर्डर देने के बाद खुद ही पैग बनाकर पीने लगे। वेटर ने इसका विरोध किया। कहा कि, यहां बाहर से लाई शराब का सेवन नहीं कर सकते हैं। इसी बात पर विवाद हुआ था। गौरव गुप्ता और उनके साथियों ने मारपीट कर सोने की चेन तोड़ ली। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। प्रथम²ष्टया मामला मारपीट का लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। विवाद शराब को लेकर हुआ था। जिस दौरान विवाद हुआ रेस्टोरेंट फुल था। वहां मौजूद दूसरे ग्राहकों के नंबर भी पुलिस ने नोट किए थे। उनसे भी बातचीत की जाएगी।

chat bot
आपका साथी