फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.60 लाख रुपये लूटे

शमसाबाद के गढ़ी जहान सिंह मोड़ के पास पल्सर सवारों ने की वारदात पुलिस बोली घटना संदिग्ध जांच के बाद सामने आएगी असलियत

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 06:00 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 06:00 AM (IST)
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.60 लाख रुपये लूटे
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.60 लाख रुपये लूटे

जागरण टीम, आगरा। पल्सर सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से 1.60 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने थाना शमसाबाद में तहरीर दी है। पुलिस इसे संदिग्ध मानकर कर्मियों से पूछताछ में जुटी है।

कागारौल के खेरिया, नगला भगत निवासी नरेंद्र एक बैंक के फाइनेंस कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को वे अपने साथी श्रीओम शर्मा निवासी धौलपुर के साथ नवादा और खेड़ा गांव से 1.60 लाख रुपये का कलेक्शन बैग में लेकर गढ़ी जहान सिंह मोड़ पर एक खोखे के पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए काली पल्सर सवार दो बदमाशों ने कैश से भरा बैग छीना और गढ़ी जहान सिंह की तरफ भाग निकले। कंट्रोल रूम को मिली सूचना पर एसपी पूर्वी अशोक वेंकट के. और एसओ शमसाबाद राजकुमार गिरि पहुंच गए। एसओ का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। नरेंद्र और प्रत्यक्षदर्शी के बयानों में अंतर है। जांच के बाद असलियत सामने आएगी। फाइनेंस कर्मी और प्रत्यक्षदर्शी के बयानों में अंतर

पूछताछ में नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह श्रीओम के साथ खोखे पर खड़ा था। तभी पीछे से आए बदमाश कैश से भरा उनका बैग छीनकर भाग गए। वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस से कहा कि खोखे के पीछे खेत में चारपाई पर दो से अधिक लोग बैठे थे। उन्होंने दो लोगों को बाइक से बैग लेकर जाते हुए तो देखा लेकिन नरेंद्र का शोर नहीं सुना। खोखा संचालक ने भी शोर मचाने की बात से इन्कार किया है। टेंपो में सवार महिला ने उड़ाया सोने का पेंडल, बरामद

जागरण टीम, आगरा। जेठानी और बेटे के साथ रिश्तेदारी में जाने के लिए टेंपो में सवार हुई महिला का सोने का पेंडल उड़ा लिया गया। पीड़िता ने टेंपो में सवार महिला को पकड़ लिया। उसके पास से पेंडल बरामद हो गया। पकड़ी गई महिला से पुलिस पूछताछ कर रही है।

शमसाबाद के लहरा गांव निवासी कमलेश पत्‍‌नी हरीकिशोर ने बताया कि बुधवार शाम सात बजे वे अपने एक वर्षीय बेटे कान्हा और जेठानी आरती के साथ रिश्तेदारी में कहरई मोड़ जाने के लिए टेंपो में सवार हुई। उसमें तीन महिलाएं पहले से बैठी थीं। आगरा रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही कमलेश को शक हुआ। गले पर हाथ लगाया तो सोने का पेंडल गायब था। यह देख कमलेश ने शोर मचा दिया। इस पर टेंपो में सवार दो महिलाएं भाग निकलीं। एक को कमलेश ने पकड़ लिया। उसके पास से सोने का पेंडल बरामद हो गया। एसओ राजकुमार गिरि ने बताया कि पकड़ी गई महिला संजोता निवासी सिकंदरा है। उससे पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी