संकल्प पत्र के लिए रालोद ने 58 हजार प्रधानों से भी लिए सुझाव, लखनऊ में जारी होगा घोषणा पत्र

राष्‍ट्रीय लोकदल ने 31 अक्टूबर को लखनऊ में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करने की तैयारी की है। लोक संकल्प पत्र तैयार करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने एक टीम गठित की थी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 01:40 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 01:40 PM (IST)
संकल्प पत्र के लिए रालोद ने 58 हजार प्रधानों से भी लिए सुझाव, लखनऊ में जारी होगा घोषणा पत्र
राष्‍ट्रीय लोकदल अध्‍यक्ष जयंत चौधरी 31 अक्‍टूबर को लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करेंगे।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का लोक संकल्प पत्र 2022 लगभग तैयार हो चुका है। 31 अक्टूबर को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इसे जारी करेंगे। यह संकल्प पत्र लोगों से सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। प्रदेशभर के लगभग 58,176 ग्राम प्रधानों से भी पत्र भेजकर सुझाव मांगे गए थे। लोक संकल्प पत्र 2022 की घोषणाओं में से एक घोषणा का खुलासा ताजनगरी में 18 अक्टूबर को होगा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के किरावली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी जनसभा को संबोधित करेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी के अनुसार, लोक संकल्प पत्र तैयार करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक टीम गठित की थी। इस टीम ने प्रदेश के विभिन्न शहरों में भ्रमण कर समाज के विभिन्न लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों पर मंथन किया। इन्हीं बाद में लोक संकल्प पत्र में शामिल किया। इसमें ग्राम प्रधान भी शामिल हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से प्रदेशभर के ग्राम प्रधानों को पत्र भेजे गए थे। इसमें उन्होंने ग्राम प्रधानों से सुझाव मांगे थे।उन्होंने बताया कि रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी बीते सात अक्टूबर से आशीर्वाद पथ कार्यक्रम आयेाजित कर रहे हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता का कहना है कि रालोद का वादा है कि प्रदेश में रालोद की सरकार बनने पर किसानों से लेकर गरीबों, महिलाओं से लेकर युवाओं और मजदूरों से लेकर वंचितों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सबल बनाएंगे। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को किरावली में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के लिए गांव-गांव जनसंपर्क किया जा रहा है। आसपास के तमाम क्षेत्रों से लोग आएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न टीमें गठित कर दी गई हैं।

chat bot
आपका साथी