राजनगर में लड़खड़ाई जलापूर्ति, हंगामा

शिकायतों के बाद भी जलसंस्थान की टीमें नहीं दे रही ध्यान लोग बूंद-बूंद के लिए परेशान

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 07:54 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 07:54 PM (IST)
राजनगर में लड़खड़ाई जलापूर्ति, हंगामा
राजनगर में लड़खड़ाई जलापूर्ति, हंगामा

आगरा, जागरण संवाददाता। राजनगर क्षेत्र में कई दिनों से जलापूर्ति ठीक से नहीं हो रही है। पानी न मिलने से परेशान महिलाओं और पुरुषों ने सोमवार दोपहर जमकर हंगामा किया और जल संस्थान के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आधा दर्जन हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। टैंकरों से ठीक से पानी नहीं भेजा जा रहा है। वहीं कुछ यही हाल यमुनापार के कई क्षेत्रों का है। जहां पर पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पानी के टैंकर ठीक से नहीं भेजे जाते हैं।

राजनगर, लोहामंडी में सिकंदरा स्थित एमबीबीआर और गंगाजल प्लांट से जलापूर्ति होती है। पिछले सप्ताह से बिजली की आंख मिचोली के चलते भरपूर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। चार दिनों तक तो पालड़ा फाल बुलंदशहर से गंगाजल नहीं मिला। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। बस्ती के लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और फिर बर्तनों को उठा कर विरोध जताया। क्षेत्रीय निवासी गीता देवी ने बताया कि आधा किमी की दूरी से पानी लाना पड़ता है। सुबह और शाम दो-दो घंटे तक बर्बाद होते हैं। कई बार पानी भरने को लेकर मारपीट तक की नौबत आ जाती है। सुनीता देवी ने बताया कि पिछले सप्ताह दो दिन ठीक से पानी के टैंकर भेजे गए लेकिन अब नहीं भेजे जा रहे हैं।

शहर के कई क्षेत्रों में प्रभावित रही जलापूर्ति : सप्ताह के पहले दिन बिजली की आंख मिचोली के चलते सिकंदरा के दोनों प्लांट ठीक से नहीं चल सके। इसके चलते कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रही। इसमें प्रमुख रूप से केदारनगर, लोहामंडी, शाहगंज, गढ़ी भदौरिया, जयपुर हाउस की कुछ कालोनियां शामिल रहीं। वहीं 26 स्थलों पर लीकेज हुए। इनमें जगदीशपुरा थाना के समीप, लोहामंडी रोड, फतेहाबाद रोड, ओल्ड ईदगाह, रामबाग रोड, जवाहर पुल, कमला नगर सी ब्लाक, सुल्तानगंज की पुलिया के समीप, नामनेर क्षेत्र शामिल रहा।

chat bot
आपका साथी