Priyanka Rally Agra: आगरा में होने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली स्थगित, नवरात्रि के चलते लिया फैसला

सात अक्टूबर को रामलीला मैदान में होनी थी रैली। अक्टूबर के अंत में हो सकती है रैली तारीख तय नहीं। रक्षा संपदा अधिकारी ने गुरुवार को अनुमति प्रदान कर दी थी। टीम प्रियंका ने भी यहां तीन दिन डेरा डालकर स्थानीय मुद्दों व समस्याओं की जानकारी जुटाई थी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:44 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:44 PM (IST)
Priyanka Rally Agra: आगरा में होने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली स्थगित, नवरात्रि के चलते लिया फैसला
आगरा में प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली को स्‍थगित कर दिया गया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में सात अक्टूबर को रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली स्थगित हो गई है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने सात अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र को देखते हुए यह फैसला लिया है। नवरात्रि का पहला दिन होने से रैली में भीड़ जुटाना मुश्किल होता। रैली अक्टूबर के अंत में हो सकती है, लेकिन अभी उसकी तारीख घोषित नहीं की गई है।

प्रियंका गांधी वाड्रा की सात अक्टूबर को आगरा के रामलीला मैदान में रैली तय हुई थी। प्रियंका को यहां पश्चिमी उप्र की प्रतिज्ञा यात्रा की भी शुरुआत करनी थी। इसके लिए पिछले शनिवार को राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी और ताैफीक आलम ने हरियाली वाटिका में आगरा, फीरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, इटावा व बरेली के पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों के साथ बैठक की थी। इस बैठक के बाद रामलीला मैदान का चयन रैली के लिए किया गया था। रक्षा संपदा अधिकारी ने गुरुवार को अनुमति प्रदान कर दी थी। टीम प्रियंका ने भी यहां तीन दिन डेरा डालकर स्थानीय मुद्दों व समस्याओं की जानकारी जुटाई थी। सात अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होनी है। नवरात्र का पहला दिन होने से श्रद्धालु देवी माता की पूजा-अर्चना करने के साथ ही व्रत भी धारण करते हैं। इससे रैली में भीड़ जुटाना कांग्रेस के लिए चुनौती भरा हो सकता था। रैली में एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया था।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने बताया कि सात अक्टूबर को रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्थगित करने की सूचना दी है। रैली अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होगी। इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। 

chat bot
आपका साथी