अर्जेटीना के राष्ट्रपति बोले, दुनिया में कहीं नहीं ऐसी बिल्डिंग

राष्ट्रपति मौरिसियो मैक्री ने रविवार सुबह पत्नी के साथ किया ताज का दीदार। सवा घंटे तक बिताया ताज परिसर में समय।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 17 Feb 2019 12:11 PM (IST) Updated:Sun, 17 Feb 2019 12:11 PM (IST)
अर्जेटीना के राष्ट्रपति बोले, दुनिया में कहीं नहीं ऐसी बिल्डिंग
अर्जेटीना के राष्ट्रपति बोले, दुनिया में कहीं नहीं ऐसी बिल्डिंग

आगरा, जागरण संवाददाता। संगमरमरी इमारत ताजमहल को देख अर्जेटीना के राष्ट्रपति बस देखते ही रह गए। रविवार सुबह अर्जेटीना के राष्ट्रपति मौरिसियो मैक्री पत्नी जुलियाना अवाडा और बेटी एंटोनिया मैक्री के साथ ताज का दीदार करने पहुंचे थे। करीब सवा घंटे तक ताज परिसर में वे अपने दल के साथ रुके।

राष्ट्रपति मौरिसियो रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दुबई से सीधे आगरा आए थे। यहां होटल अमर विलास में कुछ देर आराम करने के बाद सुबह छह बजे नाश्ता किया। इसके बाद सवा साज बजे ताज के दीदार के लिए रवाना हो गए। साढ़े सात से पौने नौ बजे तक ताज का भ्रमण करने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

राष्ट्रपति भारत और अर्जेटीना के राजनायिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने पर भारत के दौरे पर आए हैं।

ताज का दीदार करने के साथ उन्होंने इसकी एतिहासिकता जानने में खासी रुचि दिखाई। उन्होंने गाइड से मुगल बादशाह शाहजहां के बारे में भी जानकारी ली। पूछा कि वे मुगल वंश की कौन सी पीढ़ी के बादशाह थे। ताज के निर्माण के लिए पत्थर कहां से मंगवाए गए थे। मोहब्बत की मीनार को लेकर उनकी जिज्ञासा अभी यहीं शांत नहीं हुई थी। उन्होंने पूछा कि ताज के निर्माण को कितने वर्ष हो चुके हैं और निर्माण में कितना समय लगा था। रॉयल गेट की ऊंचाई के साथ मस्जिद और मेहमानखाने के बारे में भी जानकारी ली। राष्ट्रपति ने ताज में प्रतिदिन आने वाले पर्यटकों की संख्या एवं वीआइपी विजिट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी उन्होंने ली। ताज को लेकर उनके मन में ढेरों जिज्ञासाएं थीं। इसके बाद यमुना किनारा से उन्होंने आगरा किला भी निहारा। इसके बाद उन्होंने विजिटर बुक में ताज की खूबसूरती का जिक्र करते हुए लिखा कि दुनिया में ऐसी कोई दूसरी बिल्डिंग नहीं।

डायना सीट पर फोटो

 राष्ट्रपति मौरिसियो मैक्री ने पत्नी जुलियाना अवाडा के साथ ताज परिसर में कई जगह फोटो भी खिंचवाई। डायना बैंच पर तस्वीर खिंचवाने का उत्साह अर्जेटीना के राष्ट्रपति में भी था। यहां उन्होंने अपने दल के साथ फोटो सेशन कराया।

पर्यटकों के लिए ढाई घंटे बंद रहा ताज

ताजमहल आम दिनों में पर्यटकों के लिए सूर्योदय से 45 मिनट पहले खुल जाता है।

रविवार को वीआइपी विजिट के चलते ताज सुबह नहीं खुला। ताज के दीदार के लिए पर्यटकों को करीब ढाई घंटे इंतजार करना पड़ा। राष्ट्रपति के जाने के बाद ही पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश मिल सका। इस दौरान पर्यटकों को शिल्पग्राम से पूर्वी गेट की तरफ नहीं जाने दिया गया। पश्चिमी गेट पर भीड़ रही।

chat bot
आपका साथी