आंबेडकर विवि आगरा में स्नातक और परास्नातक द्वितीय वर्ष की कक्षाएं शुरू कराने की तैयारी

अपर मुख्य सचिव ने जारी किए निर्देश 15 अगस्त को कालेजों और संस्थानों में होगा अमृत महोत्सव। 16 अगस्‍त से आरंभ हो जाएंगी कक्षाएं। एक सितंबर से स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं 31 अगस्त तक द्वितीय व तृतीय वर्ष का परिणाम होगा घोषित।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 09:48 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 09:48 AM (IST)
आंबेडकर विवि आगरा में स्नातक और परास्नातक द्वितीय वर्ष की कक्षाएं शुरू कराने की तैयारी
आंबेडकर विवि आगरा में 16 अगस्‍त से कक्षाएं आरंभ हो जाएंगी।

आगरा, जागरण संवाददाता। 16 अगस्त से विश्वविद्यालय के संस्थानों और कालेजों में स्नातक और परास्नातक द्वितीय वर्ष की नियमित कक्षाएं लगेंगी।गुरुवार को अपर मुख्य सचिव ने कोविड 19 के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के राज्य और निजी विश्वविद्यालयों में भौतिक रूप से पठन-पाठन दोबारा शुरू करने के संबंध में पत्र भेजा है।

अपर मुख्य सचिव मोनिका एस.गर्ग के पत्र के अनुसार 15 अगस्त को कालेजों व संस्थानों में अमृत महोत्सव मनाया जाएगा।जिन संस्थानों में 12वीं के परिणाम के आधार पर प्रवेश लिया जाता है, वहां कक्षाएं एक सितंबर से शुरू होंगी। जिन संस्थानों में प्रवेश परीक्षा के बाद प्रवेश लिए जाते हैं, वहां कक्षाएं 13 सितंबर से शुरू होंगी। स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष का परिणाम 31 अगस्त तक घोषित कर दिया जाएगा। तृतीय वर्ष की कक्षाएं छह सितंबर से शुरू की जाएंगी। परास्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं 13 सितंबर से प्रारंभ होंगी। शनिवार और रविवार को कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।

कक्षाएं संचालित करने के लिए निर्देश

- शारीरिक दूरी का पालन करवाने के लिए दैनिक टाइम टेबल बनेगा।

- कक्षाएं शुरू करने से पहले सैनिटाइजेशन होगा।

- छात्रों को प्रवेश हाथ धोने या सैनिटाइज करने के बाद ही दिया जाए।मास्क अनिवार्य होगा।

- कालेजों व संस्थानों में थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी।

- सभी आरोग्य सेतु एप का उपयोग करेंगे।

- छात्रावासों में छात्रों की दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ से बचने के लिए छात्रों को अलग-अलग समय पर भोजन के लिए बुलाया जाए।

- छात्र एवं कर्मचारी बाजार जाने से बचें। कालेज व संस्थान परिसर में ही आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के प्रयास हों।

chat bot
आपका साथी