Police Operation: मुकेश ठाकुर के मारे जाने के बाद गैंग सदस्यों पर शिकंजा कसने की तैयारी

Police Operation पुलिस मुठभेड़ में कुख्‍यात मुकेश ठाकुर के मारे जाने के बाद अब गिरोह में शामिल लोगाें की कुंडली खंगाल रही है पुलिस। कितने साथी जेल व कितने बाहर बन रही इसकी सूची। गैंग उत्‍तर प्रदेश मध्‍यप्रदेश और राजस्‍थान में देता था वारदातों को अंजाम।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 08:13 AM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 08:13 AM (IST)
Police Operation: मुकेश ठाकुर के मारे जाने के बाद गैंग सदस्यों पर शिकंजा कसने की तैयारी
तीन राज्‍यों का इनामी बदमाश मुकेश ठाकुर, इसे आगरा पुलिस ने बीते दिनों मार गिराया। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। धौलपुर के बदमाश मुकेश ठाकुर के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस अब उसके गिरोह के सदस्यों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। गिरोह में बाकी बचे सदस्यों की कुंडली खंगाली जा रही है। कितने साथी जेल और कौन बाहर हैं। इसकी जानकारी जुटा रही है। ये गैंग उत्‍तर प्रदेश, मध्‍यप्रदेश और राजस्‍थान में वारदातों को अंजाम देता था। गैंग सरगना पर ही पुलिस ने बड़ी धनराशि का इनाम घोषित कर रखा था।

धौलपुर के थाना बसेड़ी के गांव जारगा निवासी मुकेश ठाकुर को पुलिस ने 29 अगस्त की रात में गिरफ्तार किया था। पुलिस उसके साथी से रायफल बरामद करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान मुकेश ठाकुर ने पुलिस पर हमला करके भागने का प्रयास किया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया था। पिछले सप्‍ताह मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में स्वजन ने उसका अंतिम संस्कार किया था।

इसके बाद पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि उसके तीन साथी धौलपुर और एक आगरा जेल में है। उसके साथियों की जमानत न हो, इसके लिए पुलिस प्रभावी पैरवी करेगी। मुकेश ठाकुर नया गैंग भी बनाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि गिरोह में शामिल होने को कौन लोग उसके संपर्क में थे।

पुलिस को जानकारी मिली है कि मुकेश ठाकुर का एक साथी ताजगंज इलाके का रहने वाला है। उसी के पस रायफल होना बताई गई थी। इसके अलावा उसका देहात में किन-किन इलाकों में नेटवर्क था। एसएसपी मुनिराज ने बताया मुकेश ठाकुर गैंग के सदस्यों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

chat bot
आपका साथी