Taj Mahotsav के आयोजन को नहीं शुरू हुई तैयारी, कोरोना काल में नहीं हुआ था आयोजन

18 से 27 फरवरी तक होता है महोत्सव का आयोजन। पूर्व में सितंबर-अक्टूबर तक शुरू हो जाती थीं बैठकें। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव भी होना है जिससे निर्धारित समय पर आयोजन होने पर संशय जताया जा रहा है हालांकि विभागीय अधिकारी आयोजन करने की बात कह रहे हैं।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 05:04 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 05:04 PM (IST)
Taj Mahotsav के आयोजन को नहीं शुरू हुई तैयारी, कोरोना काल में नहीं हुआ था आयोजन
ताज महोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम में फरवरी में होता है।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में कला, संस्कृति, व्यंजन आैर मनोरंजन के एकमात्र उत्सव ताज महोत्सव के लिए अब तक कोई तैयारी शुरू नहीं हो सकी है, जबकि पूर्व में सितंबर-अक्टूबर से बैठकों के दौर शुरू हो जाते थे। उप्र में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव भी होना है, जिससे निर्धारित समय पर आयोजन होने पर संशय जताया जा रहा है, हालांकि विभागीय अधिकारी आयोजन करने की बात कह रहे हैं।

ताज महोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम में ताज महोत्सव आयोजन समिति द्वारा 18 से 27 फरवरी तक किया जाता है। कमिश्नर महोत्सव समिति के अध्यक्ष और उपनिदेशक पर्यटक पदेन सचिव हैं। महोत्सव में देश के कोने-कोने से शिल्पी आते हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते फरवरी में महोत्सव का आयोजन नहीं हो सका था। वर्ष 2022 में होने वाले महोत्सव के आयोजन को अब तक कोई तैयारी शुरू नहीं की गई है, जबकि पूर्व के वर्षों में महोत्सव आयोजन समिति की बैठकें सितंबर व अक्टूबर में ही शुरू हो जाती थीं। कलाकारों के नाम पर मंथन करने के साथ आयोजन को समितियां बनाई जाती थीं। इस बार अब तक कोई बैठक नहीं हुई है। उपनिदेशक पर्यटन अमित ने बताया कि अगले वर्ष महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र बैठक भी बुलाई जाएगी।

दो बार बदला है समय

ताज महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1992 में हुई थी। वर्ष 2012 व 2017 में महोत्सव का आयोजन फरवरी के बजाय मार्च में हुआ था। इसकी वजह इन वर्षों में फरवरी में विधानसभा चुनाव का होना था। प्रदेश में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन अभी चुनाव की तिथि घोषित होनी है।

chat bot
आपका साथी