105 ट्रांसपोर्टरों को नोटिस देने की तैयारी

टीपी नगर में दस से 20 साल में एडीए ने आवंटित किए भूखंड सबसे अधिक सेक्टर तीन में

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:28 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:28 PM (IST)
105 ट्रांसपोर्टरों को नोटिस देने की तैयारी
105 ट्रांसपोर्टरों को नोटिस देने की तैयारी

आगरा, जागरण संवाददाता । आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने टीपी नगर के 105 ट्रांसपोर्टरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सभी ट्रांसपोर्टरों को नोटिस देने की तैयारी चल रही है। दस से 20 साल पूर्व इन्हें भूखंड आवंटित हुए थे। नियमानुसार आवंटित भूखंड में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय होना है, मगर इसके विपरीत किसी ने ढाबा खोल लिया है तो कोई अन्य कार्य कर रहा है। यह भूखंड आवंटन की शर्तों का उल्लंघन है। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय न करने पर भूखंड का आवंटन निरस्त किया जाएगा।

एडीए ने वर्ष 1976 में टीपी नगर योजना विकसित की थी। टीपी नगर का क्षेत्रफल 100 एकड़ है। इसमें 1,424 भूखंड हैं। यह पांच वर्ग मीटर से 408 वर्ग मीटर तक हैं। एडीए ने अब तक 1,377 भूखंड आवंटित किए हैं। वर्ष 2018 में टीपी नगर का सर्वे हुआ था। इसमें पाया गया कि 105 ट्रांसपोर्टर द्वारा अन्य व्यवसाय किया जा रहा है। एडीए उपाध्यक्ष डा. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि वर्ष 1991 में टीपी नगर योजना नगर निगम को हस्तांतरित की गई थी। वर्तमान में 47 भूखंड रिक्त हैं। इसका रकबा नौ हजार वर्ग मीटर है। अन्य व्यवसाय करने वाले ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय शुरू करने के लिए कहा जाएगा। यह कार्य न करने पर भूखंड के आवंटन को निरस्त किया जाएगा।

बकायेदारों को जारी होंगे नोटिस : टीपी नगर में 30 से अधिक बकायेदार हैं। एडीए द्वारा बकायेदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। ट्रांसपोर्टरों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया या फिर नोटिस में दी जाने वाली हिदायत को पूरा नहीं किया तो फिर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी