31 को आगरा आएगी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, पहले ताजनगरी से होनी थी शुरुआत

सहारनपुर से शुरू होने वाली पश्चिम जोन की प्रतिज्ञा यात्रा का समापन एक नवंबर को मथुरा में होगा। जोन के 10 जिलों में जाएगी यात्रा। यात्रा में शामिल रहेंगे पार्टी के वरिष्ठ नेता। पहले आगरा से प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा यात्रा की शुरुआत कराने का था कार्यक्रम।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 02:31 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 02:31 PM (IST)
31 को आगरा आएगी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, पहले ताजनगरी से होनी थी शुरुआत
कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा 31 अक्टूबर को आगरा आएगी।

आगरा, जागरण संवाददाता। कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा 31 अक्टूबर को आगरा पहुंचेगी। पश्चिम जोन की प्रतिज्ञा यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा में संपन्न होगी। 10 दिन में प्रतिज्ञा यात्रा 10 जिलाें में जाएगी और कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं के बारे में जनता को बताया जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ पार्टी जनसमर्थन जुटाएगी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली आगरा में सात अक्टूबर को निर्धारित की गई थी। कोठी मीना बाजार को रैली के लिए चुना गया था। रैली करने के साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा को यहां पश्चिम जोन की प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत झंडी दिखाकर करनी थी। सात अक्टूबर को नवरात्र का पहला दिन होने से रैली को स्थगित कर दिया गया था। पूर्व में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में रैली का आयोजन होने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब तक कार्यक्रम जारी नहीं होने व नवंबर के प्रथम सप्ताह में दीपावली होने से इसकी उम्मीद कम ही है। रैली की नई तिथि की घोषणा अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन पश्चिम जोन की प्रतिज्ञा यात्रा का कार्यक्रम जारी हो गया है। यात्रा अब आगरा से शुरू न होकर अंतिम चरण में हाथरस होते हुए 31 अक्टूबर को यहां पहुंचेगी। यात्रा में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व एमएलसी विवेक बंसल, आराधना मिश्रा समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे। आगरा में प्रतिज्ञा यात्रा के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यात्रा का रूट

23 व 24 अक्टूबर - सहारनपुर

25 अक्टूबर - मुजफ्फर नगर

26 अक्टूबर - बिजनौर

27 व 28 अक्टूबर - रामपुर

29 अक्टूबर - बरेली

29 अक्टूबर - बदायूं

30 अक्टूबर - अलीगढ़

30 अक्टूबर - हाथरस

31 अक्टूबर - आगरा

एक नवंबर - मथुरा

यह हैं प्रतिज्ञाएं

-टिकटों में महिलाओं को 40 फीसद हिस्सेदारी

-छात्राओं को स्मार्ट फोन व स्कूटी

-किसानों का पूरा कर्जा माफ

-2500 में गेहूं-धान, 400 पाएगा गन्ना किसान

-बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बकाया साफ

-दूर करेंगे कोरोना की आर्थिक मार, परिवार को देंगे 25 हजार

-20 लाख को सरकारी रोजगार।

chat bot
आपका साथी