आगरा में यमुना में डूब रही युवती को पुलिस ने बचाया, मानसिक रूप से है कमजाेर

पुलिस को सूचना मिली थी कि यमुना में बह रहा है शव। गोताखोरों ने बाहर निकाला तो चलती मिलीं युवती की सांसें। शिकोहाबाद की रहने वाली है युवती। पुलिस ने स्वजन के सुपुर्द की। युवती मानसिक रूप से कमजोर है। दो वर्ष पहले भी वह घर से चली गई थी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 08:36 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 08:36 AM (IST)
आगरा में यमुना में डूब रही युवती को पुलिस ने बचाया, मानसिक रूप से है कमजाेर
यमुना में डूबी युवती को पुलिस ने सकुशल बचा लिया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। शिकोहाबाद की एक युवती दो दिन पहले अपने घर से निकल आई थी। शुक्रवार को वह खंदौली क्षेत्र के पोइया गांव के पास यमुना में डूब रही थी। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवती को यमुना से बाहर निकलवा लिया। इसके बाद स्वजन से संपर्क कर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

खंदौली पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि यमुना में एक युवती का शव बहकर आ गया है। एसओ खंदौली अरविंद निर्वाल पुलिस फोर्स के साथ पोइया गांव के पास स्थित यमुना घाट पर पहुंच गए। गोताखोरों को बुला लिया गया। इसके बाद युवती को बाहर निकाल लिया । कुछ देर तक प्रयास करने के बाद युवती होश में आ गई। गांव से उसके लिए दूसरे कपड़े मंगवाए गए। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसके भीगे कपड़े उतारकर दूसरे कपड़े पहना दिए। युवती को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। वहां उसको चाय पिलाकर खाना खिलाया। इसके बाद उससे परिवार के बारे में पूछताछ की। युवती ने अपना नाम सदफ शाहीन बताया। वह शिकोहाबाद के गढ़िया की रहने वाली है। नाम और पता मिलने के बाद पुलिस ने शिकोहाबाद पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम युवती को लेकर टूंडला गई। वहां स्वजन के पहुंचने पर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया। स्वजन ने पुलिस को बताया कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है। दो वर्ष पहले भी वह घर से चली गई थी। इसके बाद काफी समय बाद मिली। शुक्रवार को वह फिर घर से चली गई थी। युवती के मिलने पर स्वजन ने पुलिस के कार्य की प्रशंसा की।

chat bot
आपका साथी