Humanity: आगरा में पुलिस ने किया अंतिम संस्कार, आनलाइन शामिल हुआ परिवार

Humanity आगरा में एक बार फिर दिखा पुलिस का मानवीय चेहरा। दुबई में फंसे बेटे-बहू और मुंबई में पति चौकी इंचार्ज और नौकर ने दी मुखाग्नि। मोबाइल पर आनलाइन परिवार को जोड़कर दिखाया गया अंतिम संस्कार का लाइव।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 03:13 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 03:13 PM (IST)
Humanity: आगरा में पुलिस ने किया अंतिम संस्कार, आनलाइन शामिल हुआ परिवार
ताजगंज श्मशान घाट पर महिला को मुखाग्नि देते चौकी प्रभारी और महिला के नौकर। पुलिस द्वारा उपलब्ध फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण के दौर में एक ओर जहां अपने भी बीमारी के डर से दूरी बना रहे हैं, वहां खाकी वाले ड्यूटी के साथ मानवता का फर्ज निभा रहे हैं। बुजुर्ग महिला की मौत के बाद जब उनके अपने नहीं आ सके तो खाकी वालों ने ही अंतिम संस्कार का बीड़ा उठा लिया। बुधवार को ताजगंज श्मशान घाट पर महिला को चौकी प्रभारी और महिला के नौकर ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरे परिवार को आनलाइन जोड़कर अंतिम संस्कार का लाइव भी दिखाया गया।

ताजगंज क्षेत्र में शमसाबाद रोड स्थित जयपुरिया सनराइज कालोनी में शारदा देवी की सोमवार को मौत हो गई थी। वे चार-पांच दिन से सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थीं। कोरोना संक्रमण से मौत की आशंका पर पड़ोसी भी महिला के घर में नहीं गए। किसी ने सोमवार रात को ही पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी एकता शैलेंद्र सिंह चौहान टीम के साथ पीपीई किट पहनकर वहां पहुंचे। महिला के शव को कोविड प्रोटोकाल के अनुसार उठाकर ले गए और एसी ताबूत में रखवा दिया। महिला के दो बेटे हैं अर्जुन और निरंजन। दोनों दुबई में होटल का काराेबार करते हैं। उनके परिवार भी वहीं रहते हैं। अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट बंद होने के कारण वे नहीं आ पा रहे थे। महिला के पति महेश वहाबी मुंबई में कारोबार करते हैं। लाकडाउन के कारण वे भी नहीं आ पा रहे थे। सोमवार शाम तक मुंबई में रहने वाले महिला के भाई सतीश रोहरा ने आने का आश्वासन दिया। मगर, वे भी नहीं आ सके। ऐसे में शारदा के बेटे अर्जुन ने चौकी प्रभारी शैलेंद्र से अंतिम संस्कार कराने को आग्रह किया। शारदा के घर में देखभाल को गोरखपुर निवासी नौकर बेचू बारी भी रहता है। अर्जुन ने नौकर की मौजूदगी में अंतिम संस्कार के लिए कहा। उन्होंने चौकी प्रभारी को वाट्सएप पर अपना सहमति पत्र भी भेज दिया। बुधवार को दोपहर चौकी प्रभारी और मुख्य आरक्षी अनिरुद्ध पांडेय ने अंतिम संस्कार की तैयारी की। महिला का नौकरी बेचू बारी और पड़ोसी राहुल भी वहां पहुंच गए। दोपहर में महिला के शव को ताजगंज श्मशान घाट ले जाया गया। वहां पीपीई किट पहनकर दो लोगों ने लकड़ियों से चिता तैयार की। इसके बाद उन्होंने महिला के शव को चिता पर रख दिया। चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह और महिला के नौकर बेचू बेरी ने मुखाग्नि दी। महिला के बेटे ने आनलाइन अंतिम संस्कार दिखाने का आग्रह किया था। इसलिए चौकी प्रभारी ने इसका भी इंतजाम किया था। वहां मौजूद महिला के पड़ोसी राहुल ने अपने मोबाइल से महिला के बेटों-बहू, पति और भाई को आनलाइन जोड़ लिया। इसके बाद अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया लाइव दिखा दी। पूरे परिवार ने पुलिस के इस मानवीय कार्य को काफी सराहा है।

तेरहवीं भी करेंगे

चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने पूरे विधि विधान से वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया है। इसलिए वे पूरी प्रक्रिया करेंगे। 13 दिन बाद वे विधि भी कराएंगे। साथ ही 13 ब्राह्मणों को भोजन कराएंगे। 

chat bot
आपका साथी