6th December Alert: आगरा में सुबह से ही सतर्क है पुलिस, कई नेताओं पर नजर

14 सेक्टर में बांटा गया है आगरा शहर को खास तौर पर मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फोर्स तैनात। हिंदू संगठन पदाधिकारी को किया नजरबंद मथुरा जाने का किया था ऐलान। विवादित ढांचे के विध्‍वंस की बरसी को लेकर बरती जा रही है सतर्कता।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 08:48 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 08:48 AM (IST)
6th December Alert: आगरा में सुबह से ही सतर्क है पुलिस, कई नेताओं पर नजर
छह दिसंबर को आगरा में पुलिस तड़के से ही अलर्ट है।

आगरा, जागरण संवाददाता। छह दिसंबर को लेकर सोमवार को सुबह से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट है। शहर को 14 सेक्टर में बांटकर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही राजपत्रित अधिकारी भी सुबह से भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हिंदू संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने मथुरा जाने का एलान किया था। इसको देखते हुए उन्हें रविवार को ही नजरबंद कर लिया गया। सोमवार को भी इनके घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है।

छह दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाया गया था। इसलिए इस दिन को लोग अलग-अलग रूप में मानते हैं। शहर का माहौल न खराब हो, इसलिए पुलिस प्रशासन पहले से ही नजर बनाए हुए है। शहर को 14 सेक्टरों में बांटकर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि इस बार किसी संगठन ने किसी तरह के कार्यक्रम का एलान नहीं किया है। इसके बाद भी एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है। शहर में सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है। मिश्रित आबादी वाले सभी इलाकों में पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी भी भ्रमणशील रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उधर, अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट को पुलिस ने रविवार को ही उनके सदर क्षेत्र में स्थित घर में नजरबंद कर लिया। उनके संगठन की ओर से छह दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास स्थित मस्जिद में लड्डू गोपाल की स्थापना और जलाभिषेक का एलान किया गया था। इसको देखते हुए पुलिस ने उन्हें नजरबंद किया। सोमवार को भी उनके घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है। अन्य कई नेताओं की भी पुलिस गोपनीय तरीके से निगरानी कर रही है।

chat bot
आपका साथी