आगरा में भाजपा पार्षद के कार्यालय में आग लगाने वालों के सीसीटीवी फुटेज मिले

जगदीशपुरा के राहुल नगर के वार्ड 89 के पार्षद श्यामवीर सिंह का है कार्यालय। शटर के नीचे से कागज लगा उसमें केमिकल डालकर लगाई गई थी आग। सीसीटीवी फुटेज में आग लेकर आते दिखाई दिए दो युवक। इस फुटेज के आधार पर पुलिस पड़ताल कर रही है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 12:05 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 12:05 PM (IST)
आगरा में भाजपा पार्षद के कार्यालय में आग लगाने वालों के सीसीटीवी फुटेज मिले
पुलिस को भाजपा पार्षद के कार्यालय में आग लगाने वालों के सुराग मिल गए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के जगदीशपुरा के राहुल नगर में गुरुवार की आधी रात को भाजपा पार्षद के कार्यालय में अराजक तत्वाें ने आग लगाने का प्रयास किया था। उनके कार्यालय में शटर के नीचे से कागज लगाने के बाद उस पर केमिकल डालकर आग लगाई, लेकिन शटर के पीछे शीशा लगा होने के चलते लपटें अंदर नहीं पहुंच सकी थीं। पार्षद और पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो उसमें दो युवकों के फुटेज मिले हैं। दोनों युवक एक कागज में आग लगाने के बाद उसे लेकर दुकान की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इन फुटेज के आधार पर पुलिस आराेपितों का सुराग हासिल करने का प्रयास कर रही है।

जगदीशपुरा के राहुल नगर निवासी श्यामवीर सिंह वार्ड 89 से भाजपा के पार्षद हैं। उन्होंने डेढ़ साल पहले घर के पास ही अपना कैंप कार्यालय खोला हुआ है। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे पार्षद की बहन मिथलेश टहलने निकली थीं। उन्होंने कार्यालय के शटर काे जला देखा। पास में ही केमिकल की दो बोतलें पड़ी थीं। गुरुवार की आधी रात को अराजक तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया। जानकारी होने पर भाजपा पार्षद श्यामवीर समेत अन्य कार्यकर्ता वहां पहुंच गए थे।

पार्षद श्यामवीर सिंह ने बताया कि कार्यालय का शटर खोलने पर उसके पीछे लगा शीशा आग लगाने से चटक गया था। शीशा लगा होने के चलते लपटें अंदर नहीं पहुंची सकी थीं। इससे कार्यालय में लगा एसी, पांच कंप्यूटर, 20 कुर्सी, फोटो स्टेट मशीन व काउंटर आदि जलने से बच गए थे। कार्यालय के बाहर ही केमिकल की दो बोतलें प़डी हुई थीं। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पार्षद ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। आग लगाने के पीछे किसी अराजक तत्व का हाथ है।

मौके पर पहुंची पुलिस और पार्षद ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। एक कैमरे में दो युवकों की फुटेज मिली है। दोनों एक कागज में आग लगाने के बाद उसे लेकर आते दिख रहे हैं। युवकों का चेहरा स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि वह आरोपितों का जल्द ही सुराग लगा लेगी।

घटना को लेकर लोगों में आक्रोश

पार्षद के कार्यालय में आग लगाने की जिस तरह से कोशिश की गई, इससे लोगों में आक्रोश है। भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने घटना का जल्दी पर्दाफाश कर अराजक तत्वों का पता लगाने की मांग की है। मनीष अग्रवाल, मनोज चौहान, हरवीर सिंह, प्रदीप कौशिक, विकास, फरीन शेख आदि ने पुलिस से साजिश का जल्दी पर्दाफाश करने की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपित का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी