अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस के दोहरे एक्शन

चोरी लूट और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने को गैंग किए गए चिह्नित एसपी सिटी ने जागरण प्रश्न पहर में शहरवासियों को दी जानकारी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 08:30 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 08:30 PM (IST)
अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस के दोहरे एक्शन
अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस के दोहरे एक्शन

आगरा, जागरण संवाददाता । अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस दोहरे एक्शन ले रही है। एक तरफ बदमाशों के गैंग चिह्नित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निरोधात्मक कार्रवाई के रूप में पुलिस ने चोरी और लूट के समय को देखते हुए पेट्रोलिग के समय को बदल लिया है। यूपी 112 की पुलिस रिस्पोंस व्हीकल (पीआरवी)के रूट चार्ट में भी बदलाव किया गया है। जागरण कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रश्न पहर में एसपी सिटी विकास कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने फोन पर शहरवासियों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण का आश्वासन देने के साथ ही अपराध पर अंकुश के लिए भी आश्वस्त किया। पेश है लोगों की शिकायत और एसपी सिटी के जवाब..

सवाल- मंदिर के सामने चबूतरे को लेकर लंबे समय तक कोर्ट में केस चला। अब हम केस जीत गए हैं। इसके बाद भी विपक्षियों ने हमारे भूखंड पर अपना मलबा डाल दिया है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। हमारी मदद कर दीजिए?

ओमप्रकाश, पंचगाई खेड़ा, ताजगंज

जवाब- थाना पुलिस को निर्देशित कर रहे हैं। आप वहां प्रार्थना पत्र दे दीजिए। आपकी समस्या को निस्तारण कराया जाएगा। सवाल- यमुना किनारा रोड पर हमेशा जाम रहता है। पुलिसकर्मी वहां रहते हैं, इसके बाद भी ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पाती है?

राम प्रकाश, रामबाग

जवाब- यमुना किनारा रोड पर पाइप लाइन बिछाए जाने का काम चल रहा है। करीब पांच सौ मीटर दूरी तक एक लेन से ट्रैफिक गुजारा जा रहा है। वाहनों की संख्या अधिक होने से जाम लग जाता है। ट्रैफिक और थाना पुलिस को सक्रियता बढ़ाने के लिए निर्देशित करेंगे। सवाल- हमारे यहां शाम के समय रोड पर शराबियों का जमघट लग जाता है। वे आपस में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वहां निकलने में भी झगड़ा होने का डर लगता है। इन पर पुलिस अंकुश क्यों नहीं लगाती?

संजय, कालिदी विहार

जवाब- खुले में शराब पीने वालों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है। आपके द्वारा बताए गए स्थान पर भी कार्रवाई की जाएगी। सवाल- पुलिस सटोरियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसके बाद भी इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हमारे क्षेत्र में अभी यह गंदा धंधा चल रहा है। छोटे-छोटे सटोरिये जेल भेजे गए हैं। अभी तक बड़े नहीं पकड़े गए?

नाम गोपनीय, बल्केश्वर

जवाब- सट्टा और जुआ के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इन अवैध कार्यों को करने वाले चिह्नित कर लिए गए हैं। सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जागरण के सवाल और एसपी सिटी के जवाब

सवाल- शहर में चोरी, वाहन चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आपकी क्या योजना है?

जवाब- संपत्ति संबंधी सभी अपराधों में समय के हिसाब से चार्ट बनाया जा रहा है। अपराध की लोकेशन और समय के हिसाब से पुलिस पेट्रोलिग के समय में बदलाव किया जा रहा है। अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। सवाल- शहर में कुछ स्थानों पर जाम की समस्या निरंतर बनी हुई है। आइएसबीटी के सामने आगरा-दिल्ली हाईवे पर व यमुना किनारा रोड पर तो दिनभर जाम रहता है। इससे निजात दिलाने के लिए आपकी क्या योजना है?

जवाब- जाम लगने वाले स्थानों का सर्वे कराया गया है। वहां इंफ्रास्ट्रक्चर में क्या बदलाव होना है। इसके लिए शार्ट टर्म और लांग टर्म प्लान बनाए जा रहे हैं। इन पर कार्य करके जाम की समस्या को खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। सवाल- शहर में हरीपर्वत, सदर, न्यू आगरा और लोहामंडी क्षेत्र में चेन स्नेचिग की घटनाएं अधिक होती हैं। इन पर कैसे अंकुश लगेगा?

जवाब- दस वर्ष में पंजीकृत हुए मुकदमों का रिकार्ड तैयार किया गया है। इनमें शामिल रहे अपराधियों की सूची बनाई गआ है। इनकी गतिविधियों पर थाना पुलिस नजर रखेगी। पुराने मामलों में मजबूत पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सवाल- कमला नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में डकैती के मामले में फरार चल रहे एक लाख के इनामी अपराधी नरेंद्र उर्फ लाला को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। आखिर वह कब तक पकड़ा जाएगा?

जवाब- इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें अभी भी उसे ट्रैक करने की कोशिश कर रही हैं। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी