पूर्व विधायक जगन प्रसाद गर्ग की पत्नी और बेटों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

विजय नगर निवासी मनोज मित्तल की पिछले साल फरवरी में गोकुल बैराज के पास मिली थी लाश। पूर्व विधायक से दस लाख रुपये के लेनदेन का था विवाद मृतक की पत्नी ने दर्ज कराया थाना लोहामंडी में मुकदमा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 11 Jan 2021 01:52 PM (IST) Updated:Mon, 11 Jan 2021 01:52 PM (IST)
पूर्व विधायक जगन प्रसाद गर्ग की पत्नी और बेटों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
भाजपा विधायक रहे जगन गर्ग की मौत के बाद लेनदेन के विवाद में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा विधायक रहे जगन गर्ग की मौत के बाद चल रहे रुपये के लेनदेन के विवाद के एक मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। विजय नगर निवासी प्रीति गर्ग ने दिवंगत विधायक की पत्नी और दो बेटों के खिलाफ लोहामंडी थाने में हत्या और आपराधिक षड़यंत्र एवं साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया है।

विजय नगर स्थित खंडेलवाल कालोनी निवासी प्रीति गर्ग ने सीजेएम की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। प्रीति गर्ग का आरोप है कि उनके पति ने भाजपा विधायक जगन गर्ग को दस लाख रुपये उधार दिए थे। विधायक ने इसके बदले उनके पति को दो चेक किए थे। विधायक के निधन के बाद पति मनोज मित्तल तकादा करने जगन के पुत्रों सौरभ गर्ग और वैभव गर्ग से मिले। दोनों उनके पति को कई महीने तक टालमटोल और बहाने बनाते रहे। पति 17 फरवरी 2020 को नीरज डेयरी पर तगादा करने गए थे। साैरभ और वैभव ने उनके पति को अगले दिन आने की कहा।

प्रीति गर्ग का आरोप है कि पति 18 फरवरी की सुबह घर से नीरज डेयरी जाने की कहकर निकले थे। उन्होंने बताया था कि रुपये देने की कहा है। कुछ लोगों ने सुबह उनके पति को नीरज डेयरी पर देखा था। सौरभ और वैभव उनके पति को अपने घर ले गए थे। दोपहर तक पति नहीं लौटे, उन्हें सूचना मिली की पति का शव मथुरा में गोकुल बैराज के पास मिला है। प्रीति गर्ग का आरोप है कि उनके पति की हत्या करके शव को वहां फेंका गया था। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस में तहरीर दी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते उन्हें अदालत में प्रार्थना पत्र देना पड़ा। सीजेएम की अदालत ने दिवंगत भाजपा विधायक के पुत्रों साैरभ गर्ग, वैभव गर्ग और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी के खिलाफ लोहामंडी थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए। इंस्पेक्टर लोहामंडी सुनील कुमार ने बताया कि न्यायिक आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है, विवेचना की जा रही है।

डेयरी पर पूर्व में कई बार हुआ था हंगामा

भाजपा विधायक की मौत के बाद उनकी मदिया कटरा स्थित डेयरी पर पिछले साल कई बार हंगामा हुआ था। तकादा करने वाले कई व्यापारी थाने तके भी पहुंचे थे। उस समय पुलिस ने कई लोगों को पाबंद भी किया था। 

chat bot
आपका साथी