वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे तैयार किया सजा का रास्ता

किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में पुलिस द्वारा जुटाए सुबूतों से आरोपितों का बचना मुश्किल मुख्य आरोपित भेजा जेल नाबालिग गया किशोर संप्रेक्षण गृह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Mar 2021 07:39 PM (IST) Updated:Mon, 22 Mar 2021 07:39 PM (IST)
वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे तैयार किया सजा का रास्ता
वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे तैयार किया सजा का रास्ता

आगरा, जागरण संवाददाता। किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपितों को सलाखों के पीछे भेजने के बाद उन्हें सजा दिलाने की पुलिस ने पुख्ता तैयारी शुरू कर दी है। दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इनसे उनके लिए अदालत में बचना मुश्किल होगा। अधिकांश अहम साक्ष्यों को पुलिस परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज रही है।

सिकंदरा क्षेत्र के गांव में शुक्रवार को किशोरी का शव घर से तीन सौ मीटर दूर स्थित जंगल के तालाब में मिला था। रविवार को गांव के ही राहुल और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश कर दिया था। सोमवार को राहुल को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। वहीं नाबालिग को जुबेनाइल मजिस्ट्रेट के आदेश पर किशोर संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

पुलिस द्वारा मौके से जुटाए गए कई साक्ष्य परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। आरोपितों को सजा दिलाने में यही अकाट्य साक्ष्य बनेंगे। सुबूत नंबर एक: प्यूबिक हेयर

किशोरी के कपड़ों से प्यूबिक हेयर मिले हैं। विधि विज्ञान प्रयोगशाला में आरोपितों के डीएनए से इनका मिलान कराया जाएगा। डीएनए मैच होने पर यह मजबूत साक्ष्य बनेगा। सुबूत नंबर दो: आरोपित की शर्ट पर लगा खून

पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने लिए थे। बाद में बरामद आरोपित की शर्ट पर भी खून के धब्बे थे। दोनों जगह मिले खून का मिलान कराया जाएगा। मैच करने पर यह मजबूत साक्ष्य का काम करेगा। सुबूत नंबर तीन: चप्पलों पर कीचड़

आरोपितों की पुलिस ने जो चप्पल बरामद की हैं, उन पर मिट्टी और कीचड़ लगा है। घटनास्थल से मिट्टी और कीचड़ के नमूने लिए गए हैं। दोनों का मिलान कराया जाएगा। मैच होने पर आरोपितों की घटनास्थल पर उपस्थिति प्रमाणित हो जाएगी। सुबूत नंबर चार: किशोरी के सेंपल का डीएनए मिलान

पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित किए गए किशोरी के सेंपल से आरोपितों के स्पर्म और डीएनए का फोरेंसिक लैब में मिलान कराया जाएगा। इससे दुष्कर्म के साथ ही आरोपितों की भी पुष्टि हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी