Humanity: आगरा के खंदौली में घर से भटकी बालिका को पुलिस ने पहुंचाया नानी की गोद में

Humanity ननिहाल में आई थी पांच वर्षीय बालिका शाम को भटककर हाथरस रोड पर पहुंची। इंटरनेट मीडिया की मदद से पुलिस ने खोज लिए स्वजन खिल गया बालिका का चेहरा। पोइया चौराहा पर घूमती हुई एसआइ वीर सिंह हेड कांस्टेबल अनूप और कांस्टेबल अमित कुमार को मिली थी बालिका।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 09:46 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 09:46 AM (IST)
Humanity: आगरा के खंदौली में घर से भटकी बालिका को पुलिस ने पहुंचाया नानी की गोद में
बालिका को उसकी नानी को सौंपते पुलिसकर्मी।

आगरा, जागरण संवाददाता। ननिहाल में आई पांच वर्षीय बालिका बुधवार सुबह घर से भटक गई।दिनभर वह भटकती रही। रात को अंधेरा होने के कारण वह घर वापस नहीं पहुंच पा रही थी। पुलिस बूथ के पास रोती हुई बालिका को देखकर पुलिसकर्मी समझ गए। उन्होंने उसे बैठाया और सांत्वना दी। इसके बाद इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पुलिस ने उसके स्वजन खोज लिए। पुलिस के प्रयास से बालिका अपनी नानी की गोद में पहुंच गई। इसके बाद स्वजन और बालिका की खुशी का ठिकाना नहीं था।

वृंदावन के बाबूगढ़ निवासी भगवान सिंह की पांच वर्षीय बेटी पूजा खंदौली के पाेइया गांव में अपनी नानी सुनीता के पास रह रही थी। बुधवार सुबह 5.30 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई। पोइया गांव यमुना नदी के किनारे पर है। इसलिए स्वजन उसे यमुना की ओर तलाश करने लगे। दिनभर वे यमुना के आसपास के इलाके में बालिका की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।उधर, शाम छह बजे बालिका पोइया चौराहा पर घूमती हुई एसआइ वीर सिंह, हेड कांस्टेबल अनूप और कांस्टेबल अमित कुमार को मिल गई। उन्होंने बच्ची के स्वजन के बारे में पता करने का काफी प्रयास किया, लेकिन जानकारी नहीं हो रही थी। एेसे में उन्होंने कई वाट्सएप ग्रुप पर बच्ची की फोटो वायरल किया। इसके माध्यम से रात 11 बजे बच्ची की नानी और अन्य स्वजन पुलिस के पास पहुंच गए। बच्ची को गोद में पाकर नानी बेहद खुश थी। बच्ची का भी चेहरा खिल गया। उन्होंने पुलिस के इस कार्य की काफी सराहना की।

chat bot
आपका साथी