UP Under 19 Cricket: उप्र की अंडर-19 क्रिकेट टीम में चुनी गईं आगरा की तीन खिलाड़ी, शहर को हुआ गर्व

कानपुर में हुआ था अंडर-19 बालिका वर्ग का फाइनल ट्रायल। आगरा की 10 महिला खिलाड़ियों ने लिया था ट्रायल में भाग। तीनों के प्रदेश टीम में चयन पर शहर के खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं दी हैं। 21 सितंबर से इनका पांच दिन का क्वारंटाइन शुरू होगा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 12:03 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 12:03 PM (IST)
UP Under 19 Cricket: उप्र की अंडर-19 क्रिकेट टीम में चुनी गईं आगरा की तीन खिलाड़ी, शहर को हुआ गर्व
अंडर 19 क्रिकेट टीम के लिए चयनित आगरा से खिलाड़ी।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा की बेटियां निरंतर सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही हैं। खेल हो या अन्य कोई क्षेत्र, सभी में वो सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। उप्र की अंडर-19 टीम में आगरा की तीन खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। इनमें पूजा राजपूत, दिशा सिंह और रमा कुशवाह शामिल हैं। तीनों के प्रदेश टीम में चयन पर शहर के खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

कानपुर में अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल ट्रायल हुए थे। इसमें प्रदेश की 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें आगरा की 10 खिलाड़ी शामिल थीं। इनमें अनन्या शर्मा, निकिता यादव, देवयानी गोस्वामी, रमा कुशवाह, संपदा, सुप्रिया अरेला, दिशा सिंह अौर रितु शर्मा, पूजा राजपूत, प्रिंसी चौधरी शामिल थीं। ट्रायल के आधार पर आगरा की तीन खिलाड़ियों को प्रदेश टीम में चुना गया है। इनमें पूजा राजपूत, दिशा सिंह और रमा कुशवाह शामिल हैं। पूजा राजपूत मध्यम गति की गेंदबाज हैं और वर्ष 2019 में उप्र की सीनियर टीम की सदस्य रह चुकी हैं। दिशा सिंह भी मध्यम गति की गेंदबाज हैं। रमा कुशवाह वर्ष 2018-19 में उप्र की अंडर-16 टीम की सदस्य रह चुकी हैं। रमा मिडिल आर्डर की बल्लेबाज हैं। 21 सितंबर से इनका पांच दिन का क्वारंटाइन शुरू होगा। दो दिन के प्रैक्टिस सेशन के बाद 28 सितंबर से मैचों की शुरुआत हो जाएगी। तीनों खिलाड़ियों के चयन पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आफ आगरा के अध्यक्ष पूरन डावर, सचिव प्रकाशेष कौशल, सर्वेश भटनागर, विवेक यादव, चंद्रशेखर शर्मा, मनोज कुशवाह आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।

अंडर-16 का ट्रायल शुक्रवार व शनिवार को

उप्र क्रिकेट एसोसिएशन यूपीसीए के निर्देशों पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन अाफ आगरा डीसीएए द्वारा अंडर-16 बालक वर्ग के ट्रायल का आयोजन अवंतीबाई लोधी क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार व शनिवार को कराया जा रहा है। ट्रायल की शुरुआत शुक्रवार सुबह आठ बजे होगी। डीसीएए के सचिव प्रकाशेष कौशल ने बताया कि ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने पंजीकरण करा रखा है। उन्हें पंजीकरण कराने की रसीद लानी होगी।

पूनम यादव और दीप्ति हैं प्रेरणा स्रोत

आगरा में महिला क्रिकेट को दिशा दिखाने का काम भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चयन समिति की चेयरपर्सन हेमलता काला ने किया था। वर्ष 1996 से वर्ष 2008 तक उन्होंने भारतीय टीम में आगरा का प्रतिनिधित्व किया था। वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य ताजनगरी की पूनम यादव और दीप्ति शर्मा खिलाड़ियाें की प्रेरणा स्रोत हैं।

chat bot
आपका साथी