Plantation: अपनों की याद में रोपेंगे पौधे, ताकि अब न धरा पर हो Oxygen की कमी
दैनिक जागरण के अभियान के साथ मिलकर वन विभाग ताज नेचर वाक स्थित स्मृति वन में लगवाएगा पौधे। इस साल आगरा को 4550645 पौधे लगाने का मिला लक्ष्य विभागों को भी मिली जिम्मेदारी। मानसून के साथ शुरू होगा पौधारोपण अभियान।
आगरा, प्रभजोत कौर। जिस वायरस ने एक-एक सांस पर अपना प्रहार किया, कितने ही अपने छीन लिए। उसी वायरस के लिए सांसों के सहयोगी खड़े करने की तैयारी वन विभाग ने शुरू कर दी है। दैनिक जागरण के अभियान आओ रोपें- अच्छे पौधे के साथ मिलकर वन विभाग ताज नेचर वाक स्थित स्मृति वन में कोरोना मृतकों की याद में पौधे लगाएगा।
दैनिक जागरण के अभियान का मकसद कोरोना काल में हमेशा के बिछुड़े अपनों की याद में पौधे लगाने का है। इस उद्देश्य की सराहना करते हुए डीएफओ अखिलेश पांडेय ने कहा कि वे ताज नेचर वाक स्थित स्मृति वन में कोरोना मृतकों की याद में पौधारोपण करवाएंगे। जिन परिवार ने इस वायरस के कारण अपनों को खोया है, वे उनकी याद में विभाग का सहयोग करें। स्मृति वन में पौधों के साथ ही नाम पट्टिका व ट्री गार्ड भी लगाया जाएगा। पौधों की सही देखभाल की जाएगी। यही नहीं, डीएफओ एक और पहल करने जा रहे हैं। कोरोना काल में जिन योद्धाओं ने अपनी जान गंवाई है, उनके स्वजनों को सहजन का पौधा रोपने के लिए दिया जाएगा। यह पौधे वहीं लगाए जाएंगे, जहां वे कार्य करते थे। सहजन का पौधा इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि उसके हर भाग का महत्व है। जड़ से लेकर पत्ते तक किसी न किसी रोग को दूर करने में लाभकारी है। ऐसे सभी कोरोना योद्धाओं की सूची सीएमओ कार्यालय से ली जा रही है।
45 लाख से ज्यादा लगेंगे पौधे
प्रदेश सरकार की पूरे प्रदेश में एक साथ 25 करोड़ पौधे लगाने की योजना है। मानसून की स्थिति को देखते हुई अगस्त तक पांच करोड़ पौधे और लगाए जाएंगे। इसी 30 करोड़ में से 4550645 पौधे लगाने का लक्ष्य आगरा को मिला है। वन विभाग को इस साल 14 लाख 24 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अन्य विभागों को भी लक्ष्य प्राप्त हो चुका है।
विभागवार पौधे लगाने का लक्ष्य
ग्राम्य विकास विभाग- 1637280
कृषि विभाग- 313680
नगर विकास विभाग- 222720
उद्यान विभाग- 205248
राजस्व विभाग- 185160
पंचायती राज विभाग- 185160
आवास विकास विभाग- 10680
पर्यावरण विभाग- 40000
उच्च शिक्षा- 30600
रेशम विभाग- 23289
लोक निर्माण विभाग- 16200
जल शक्ति विभाग- 16200
स्वास्थ्य विभाग- 12840
रक्षा विभाग- 10680
गृह विभाग- 10680
प्रावधिक शिक्षा- 8040
पशुपालन विभाग- 7440
सहकारिता विभाग- 6600
ऊर्जा विभाग- 6000
श्रम विभाग- 5040
माध्यमिक शिक्षा- 3720
बेसिक शिक्षा- 3720
उद्योग विभाग- 12720
परिवहन विभाग- 5040
औद्योगिक विकास विभाग- 4920
रेलवे विभाग- 24720
कुल- 3008377