पौधे लगाने के साथ देखरेख का भी रखते ख्याल
साईं सेवा मित्र मंडल वर्ष में दो बार करता है पौधों का सत्यापन ट्रीगार्ड के साथ लगाए जाते हैं पौधे तीन वर्ष से कर रहे पौधारोपण
आगरा,जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पर्यावरण संरक्षण को पौधारोपण करने वालों की कमी नहीं है। वर्ष दर वर्ष यह कारवां बढ़ता जा रहा है। साईं सेवा मित्र मंडल भी ऐसे ही संगठनों में से एक है। यह संगठन पौधारोपण करने के साथ उनकी देखरेख की भी व्यवस्था करता है। वर्ष में दो बार पौधों का सत्यापन भी किया जाता है।
साईं सेवा मित्र मंडल तीन वर्षों से पौधारोपण कर रहा है। वर्ष 2019 में 31 और वर्ष 2020 में 35 पौधे लगाए गए। इस वर्ष 71 पौधे लगाए हैं। इस वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते असमय काल के गाल में समाने वाले संगठन के संरक्षकों व सदस्यों की स्मृति में पौधे रोपे जा रहे हैं। संगठन के सचिव संजय सत्यदेव ने बताया कि वह ट्रीगार्ड के साथ पौधे लगाते हैं। जहां पौधारोपण किया जाता है, उस क्षेत्र में रहने वाले संगठन के सदस्य या जिस व्यक्ति के घर के सामने पौधा लगाते हैं, उसे चार वर्ष के लिए ट्रीगार्ड और पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। पौधों के सत्यापन को चार सदस्यीय समिति बनाई जाती है। समिति हर छह माह पौधों की स्थिति जानने के बाद रिपोर्ट देती है। अगर कोई पौधा मर जाता है तो उसे रिप्लेस कर दिया जाता है। तीन स्थानों पर लगाए पौधे
संगठन ने शुक्रवार को कृष्णा कालोनी, गुम्मट और सेवला में पौधे रोपे। संगठन के सदस्य अंशु गुप्ता की स्मृति में शंकर रिजोर्ट, फतेहाबाद रोड पर पौधारोपण किया गया। हार्दिक गोयल, अतुल गुप्ता, राजेंद्र घिल्डियाल, नरेश कुशवाह, हर्ष शर्मा, विजय कुशवाह, करन सिंह, राकेश गौतम, उत्कर्ष सूरी आदि मौजूद रहे। पौधा रोपण कार्यक्रम को गति देने की जरूरत है।