अभियान में पहला पौधा लगाएंगी महिला प्रधान और अधिकारी

वन विभाग ने की पहल हर ब्लाक में महिलाओं से लगवाएंगे पहला पौधा 26 विभागों ने पौधारोपण के लिए खोदवाए 30 लाख से ज्यादा गड्ढे

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 11:30 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 11:30 PM (IST)
अभियान में पहला पौधा लगाएंगी महिला प्रधान और अधिकारी
अभियान में पहला पौधा लगाएंगी महिला प्रधान और अधिकारी

आगरा,जागरण संवाददाता। वन विभाग इस साल पौधारोपण अभियान में एक नई पहल करने जा रहा है। इस साल हर ब्लाक में महिला प्रधानों, महिला अधिकारियों और महिला एनजीओ संचालकों से पौधारोपण अभियान में पहला पौधा लगवाया जाएगा। इसके साथ ही, वन विभाग की जो सीमाएं अन्य राज्यों से मिलती हैं, वहां के वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उनसे इस अभियान के लिए सहयोग वार्ता की जा रही है।

डीएफओ अखिलेश पांडेय ने बताया कि महिला शक्ति को समर्पित यह पहल पहली बार जिले में होने जा रही है। हर ब्लाक से महिला प्रधानों, महिला अधिकारियों और महिला एनजीओ संचालकों की लिस्ट मांगी गई है, फिर उनसे संपर्क किया जाएगा। अभियान की तिथि शासन से आते ही पहला पौधा महिलाओं से उनके गांव, कार्यालय व अन्य स्थानों पर लगवाया जाएगा। डीएफओ ने बताया कि जिन राज्यों की सीमा से वन विभाग का क्षेत्र सटा हुआ है, वहां के वन विभाग अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्हें पौधारोपण अभियान के लिए आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे वे भी उप्र में रिकार्ड पौधारोपण के साक्षी बनें। 30 लाख से ज्यादा कराए गड्ढे

शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभागवार लक्ष्य भी प्रेषित कर दिए गए हैं। विभागों ने पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदवाने शुरू करा दिए हैं। 26 विभागों ने अब तक 3003691 गड्ढे खोदवाने की सूची वन विभाग को भेज दी है। अंतिम चरण में तैयारियां

शासन से सभी जिलों का पौधारोपण का लक्ष्य जारी किया जा चुका है। आगरा में 45 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जो वित्तीय वर्ष 2020-21 से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में यह लक्ष्य 37 लाख 50 हजार था। जुलाई के प्रथम सप्ताह में पौधारोपण किया जाएगा। वन विभाग की 23 सरकारी नर्सरियों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस साल विभाग ने फलदार पौधों की संख्या ज्यादा रखी है। इनमें नींबू, किन्नू, जामुन, अनार, अमरूद, संतरा, कटहल, बेर आदि शामिल हैं। पौधारोपण के लिए मिले शासनादेश में स्पष्ट है कि फैलावदार पौधों में पीपल, नीम, इमली, जामुन, अर्जुन, पाकड़, बरगद, देसी आम आदि प्रजातियों को प्रमुखता से रोपा जाए। इस साल नर्सरियों में लगभग 5500 पीपल और 500 से ज्यादा बरगद की पौध तैयार की गई हैं। इसके अलावा सहजन, शीशम, लिसोड़ा, कंजी, अमलतास, कैंथ, देसी आम, कटहल, अमरूद, अनार आदि की भी पौध तैयार हैं। संकल्प-पौधारोपण

दैनिक जागरण का अभियान सराहनीय है। पंजाबी सभा, महानगर के सभी सदस्य इसमें सहयोग करेंगे। अपनी सभी सामाजिक गतिविधियों के साथ प्रमुख कार्य पौधारोपण का होगा, शहर की विभिन्न कालोनियों और अपार्टमेंटों में अभियान चलाएंगे। कोरोना काल में हमेशा के लिए बिछुड़ों की याद में पौधे लगाएंगे।

-रोहित कत्याल, मीडिया प्रभारी, पंजाबी सभा, महानगर आगरा कोरोना ने जितने दुख दिए हैं, अपनों को छीना है, एक-एक सांस के लिए लोगों को रुलाया है, उसका जवाब यही अभियान देगा। प्रकृति को इतना मजबूत बनाएंगे कि हमारी और आने वाली पीढि़यों की रक्षा करने के लिए वो तैयार हो जाएगी। दैनिक जागरण के अभियान में हमारी पूरी सोसायटी सहयोग करेगी।

-मोनिका वाही, कोषाध्यक्ष, पा‌र्श्वनाथ पंचवटी कालोनी, ताजनगरी फेस दो

chat bot
आपका साथी