Inflation: पेट्रोल 102 के पार, डीजल में लगी आग, खाद्य पदार्थों पर बढ़ सकती है महंगाई

24 घंटे में डीजल 35 पैसे और पेट्रोल 34 पैसे प्रति लीटर महंगा। एक से 16 अक्टूबर के बीच डीजल पर 5.66 रुपये और पेट्रोल पर 4.20 रुपये बढ़े। आने वाले दिनों में पेट्रोलियम पदार्थ की बढ़ती दरों का असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ेगा।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 04:23 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 04:23 PM (IST)
Inflation: पेट्रोल 102 के पार, डीजल में लगी आग, खाद्य पदार्थों पर बढ़ सकती है महंगाई
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से खाद्य पदार्थों पर बढ़ सकती है महंगाई।

आगरा, जागरण संवाददाता। पेट्रोल और डीजल के दामों में आग लगी हुई है। शनिवार को पेट्रोल 102.22 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। वहीं, डीजल के दाम 94.38 रुपये प्रति लीटर हो गया। शुक्रवार से शनिवार के बीच पेट्रोल 34 पैसे प्रति लीटर और डीजल 35 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। इसको लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

बीते सात अक्टूबर को शहर में पेट्रोल सौ रुपये प्रति लीटर के पार हो गया था। एक से 16 अक्टूबर के बीच पेट्रोल पर 4.20 रुपये और डीजल पर 5.66 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। आने वाले दिनों में पेट्रोलियम पदार्थ की बढ़ती दरों का असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्टर दीपक शर्मा का कहना है कि अगर जल्द ही पेट्रोल और डीजल के दामों पर काबू नहीं पाया गया तो खाद्य पदार्थों का परिवहन और महंगा हो जाएगा। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है।

ऐसे बढ़े पेट्रोल के दाम

01 अक्टूबर: 98.02 रुपये

04 अक्तूबर: 99.20 रुपये

07 अक्तूबर: 100.03 रुपये

10 अक्तूबर: 100.90 रुपये

11 अक्तूबर: 101.19 रुपये

15 अक्तूबर: 101.88 रुपये

16 अक्तूबर: 102.22 रुपये

क्या बोले लोग

पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। लोगों के घर का बजट बिगड़ रहा है। सरकार जनता का उत्पीड़न करने पर तुली है।

समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।

-चौधरी वाजिद निसार, शहर अध्यक्ष, सपा

पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान पर हैं। इसका असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ रहा है। गरीब वर्ग के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। इससे पहले जनता पर इतना बोझ कभी नहीं पड़ा। महंगाई नियंत्रण से बाहर हो रही है।

-विमल कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष, बसपा

जनता से झूठे वादे कर सत्ता में आई भाजपा सरकार लोगों का उत्पीड़न करने पर तुली है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ने की वजह से महंगाई बढ़ती जा रही है। कांग्रेस लंबे समय से इसका विरोध कर रही है, आगे भी जारी रहेगा।

-देवेंद्र कुमार चिल्लू, शहर अध्यक्ष, कांग्रेस

महंगाई को नियंत्रित करने में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लगी हुई है। आम जनता महंगाई की आग में झुलस रही है। मगर, भाजपा सरकार को इससे कोई लेना देना नहीं है।

नदीम नूर, मंडल अध्यक्ष, अाजाद समाज पार्टी

chat bot
आपका साथी