मुबारक है सब्ब नू, मोहब्बत और सोहबत दी लोहड़ी

लोहड़ी की खरीदारी को दुकानों पर पहुंचे लोग

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 06:17 AM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 06:17 AM (IST)
मुबारक है सब्ब नू, मोहब्बत और सोहबत दी लोहड़ी
मुबारक है सब्ब नू, मोहब्बत और सोहबत दी लोहड़ी

आगरा, जागरण संवाददाता। मोहब्बत दी लोहड़ी, सोहबत दी लोहड़ी, मुबारक है सब्ब नू.. इन पंक्तियों का असर घरों के साथ ही बाजार में दिख रहा था। लोहड़ी की खरीदारी के लिए बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी। बुधवार को लोहड़ी है। लोहड़ी के लिए बाजारों में मूंगफली, गुड़, रेवड़ी, गजक और मूंगफली की पट्टी खूब बिकीं।

बाजारों में इस साल लोहड़ी के लिए खास पैकिग वाली ट्रे भी बिक रही हैं। इनमें गजक, मूंगफली, मेवे और रेवड़ी आदि शामिल हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से शुरू होकर दो हजार रुपये तक है। पैकिग ट्रे के अलावा दुकानों पर मूंगफली और पापकार्न आदि खरीदने वालों की भीड़ भी लगी रही। मूंगफली जहां 120 रुपये किलो बिकी तो रेवड़ी की कीमत 200 रुपये किलो रही। मूंगफली की पट्टी की कीमत भी 120 रुपये किलो रही। भांगड़े और गिद्दे से सजी शाम

पंजाबी सभा महानगर आगरा द्वारा आवास विकास कालोनी स्थित गंगाधर पार्क में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम में सदस्यों ने ढोल और पंजाबी गानों पर भांगड़ा और गिद्दा किया। लोहड़ी प्रज्जलन महानगर अध्यक्ष सर्वप्रकाश कपूर, भारत भूषण, संजीव कपूर, अशोक सैनी, सुरेश भांबरी, रोहित कत्याल आदि ने किया। पहली लोहड़ी वाले नवदंपति और नवजात शिशुओं को शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान सभी से अपील की गई कि श्री राम मंदिर के निर्माण कार्य में अपना योगदान देकर समाज की एकजुटता और धर्म के प्रति आस्था का परिचय दें। सुनीता मेहता, नीरू कालरा, रूबी भांबरी, भावना नागपाल, संतोष जुनेजा, मीनाक्षी कपूर आदि ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कोरोना काल में मास्क और सैनिटाइजर के बीच होगी पहली लोहड़ी

शादी के बाद पहला त्योहार खास होता है। अपनों के साथ इन त्योहारों पर यादों का खजाना बनता है। दीपावली, होली या लोहड़ी, यही त्योहार नई यादों और खुशियों को बनाने का मौका होते है। परिवार और दोस्तों के साथ लोहड़ी का जश्न मनाया जाता है। इस साल कोरोना के कारण लोहड़ी पर खुशियां तो होंगी, लेकिन वायरस से बचाव के उपाय भी अपनाए जाएंगे। शहर में भी कई जोड़े ऐसे हैं, जो अपनी पहली लोहड़ी को खास बनाने में जुटे हुए हैं। इनसे जागरण ने की बात और जानी उनकी प्लानिग। अक्षय और गीतिका उप्पल ने अपनी पहली लोहड़ी पर स्वजनों और दोस्तों के साथ घर पर ही पार्टी प्लान की है। पार्टी में शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जाएगा। गीतिका ने अपने लिए डिजायनर सूट और अक्षय ने मैचिग कुर्ता पाजामा लिया है। अभिषेक और भारती मल्होत्रा अपनी पहली लोहड़ी अपनों के साथ ही मना रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि कोरोना के कारण हम खतरा नहीं लेना चाहते हैं। पार्टी होगी, लेकिन अपने घर पर अपनों के साथ। सोनाली और अमन पसरीचा लोहड़ी पर आने वाले अतिथियों को मास्क और सैनिटाइजर उपहार स्वरूप देंगे। निशु और अक्षय ग्रोवर ने बताया कि वे घर पर ही लोहड़ी मना रहे हैं। कोरोना ने सारी प्लानिग पर पानी फेर दिया। अब वैक्सीन आ चुकी है तो अगले साल धूमधाम से मनाएंगे। संचिता और अमन ने मैचिग ड्रेसेज बनवाई हैं। वे दोनों घर के सामने ही लोहड़ी कार्यक्रम कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए सैनिटाइजर और मास्क भी रखवा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी