Viral Fever: आगरा में एंबुलेंस में कराह रहे मरीज, इमरजेंसी के बेड फुल

बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से बिगडे़ हालात। एसएन इमरजेंसी में भर्ती होने पर लग रहा एक से डेढ़ घंटा। एंबुलेंस में कराहते रहे मरीज। इमरजेंसी से वार्ड में शिफ्ट किए जाएंगे चार-छह घंटे के अंतराल पर मरीज।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 03:37 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 03:37 PM (IST)
Viral Fever: आगरा में एंबुलेंस में कराह रहे मरीज, इमरजेंसी के बेड फुल
बेड नहीं मिलने पर बुखार के मरीज एंबुलेंस में कराह रहे हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। डेंगू और बुखार के प्रकोप से हालात बिगड़ने लगे हैं। एसएन इमरजेंसी के बेड फुल होने से मरीज भर्ती करने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। एंबुलेंस में मरीज रविवार को कराहते रहे।

एसएन इमरजेंसी में दोपहर 12 बजे एंबुलेंस से हाथरस निवासी किशोरी को लेकर स्वजन पहुंचे। यहां बेड खाली न होने पर भर्ती करने में समय लगा। किशोरी दर्द से कराह रही थी, स्वजन इधर उधर भटकते रहे। इमरजेंसी के बाहर तीन एंबुलेंस खड़ी हुई थीं, मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती करने में एक से डेढ़ घंटा लगा। एसएन इमरजेंसी में 64 बेड हैं और 90 से अधिक मरीज भर्ती हैं। इससे व्यवस्था बिगड़ रही है। मरीजों को बेड नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इमरजेंसी से चार से छह घंटे के अंतराल पर वार्ड में शिफ्ट किए जाएंगे मरीज

एसएन के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इमरजेंसी में आस-पास के जिलों से बुखार के मरीज आ रहे हैं। इसे देखते हुए बदलाव किया गया है। अब हर चार से छह घंटे के अंतराल पर मरीजों को इमरजेंसी से वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा, जिससे इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भर्ती होने में समय न लगे।

नोडल अधिकारी की सिफारिश पर वार्ड में पांच मानीटरिंग बेड तैयार

नोडल अधिकारी डा. आरके सिंह, इमरजेंसी मेडिसिन एसजीपीजीआइ, लखनऊ ने एसएन मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया था। उनके द्वारा की गई सिफारिश पर मेडिसिन विभाग और बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में पांच-पांच बेड तैयार किए गए हैं। इसमें मानीटर लगाए गए हैं। वार्ड में भर्ती मरीज की तबीयत बिगड़ने पर इन बेड पर शिफ्ट किया जाएगा। यहां जांच के बाद आइसीयू में मरीज शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इससे एसएन पहुंचने वाले मरीजों को भर्ती किया जा सकेगा।

chat bot
आपका साथी