Roadways Bus: आगरा में बसों के लिए भटक रहे यात्री, हो रही मुश्किल

Roadways Bus आइएसबीटी ईदगाह बिजली घर बस स्टैंड पर यात्रियों को करना पड़ता लंबा इंतजार। परिवहन निगम ने लाकडाउन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित सीट क्षमता से आधे यात्रियों को बैठाकर बसों के संचालन की अनुमति दे रखी है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 05:16 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 05:16 PM (IST)
Roadways Bus: आगरा में बसों के लिए भटक रहे यात्री, हो रही मुश्किल
रोडवेज बसों के लिए यात्रियों को भटकना पड़ रहा है।

आगरा, जागरण संवाददाता। रोडवेज बसों के लिए यात्रियों को भटकना पड़ रहा है। आइएसबीटी, ईदगाह, बिजली घर बस स्टैंड पर पूरे दिन यात्री विभिन्न गंतव्य के लिए बसों का इंतजार करते रहते हैं। रूट पर कम यात्री संख्या होने पर बसों को नहीं भेजा जाता है। इस कारण यात्रियों की भीड़ जमा हो जाती है। इस दौरान कुछ यात्री मास्क नहीं लगाए हुए होते हैं और शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो पाता है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।

परिवहन निगम ने लाकडाउन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित सीट क्षमता से आधे यात्रियों को बैठाकर बसों के संचालन की अनुमति दे रखी है। चालक, परिचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और यात्री लापरवाही कर सवार हो जा रहे हैं। आइएसबीटी पर मैनपुरी, मथुरा, फीरोजाबाद, कानपुर जाने के लिए बस तैयार खड़ी थीं, लेकिन यात्री संख्या कम होने के कारण चालक बस आगे बढ़ाने को तैयार नहीं थे। मैनपुरी की बस में सवार यात्री राजेंद्र ने बताया कि एक घंटे से अधिक समय हो गया, लेकिन बस में आधी सवारी होने के कारण चालक चलाने को तैयार नहीं है। वे कह रहे हैं कि पूरी बस भरने पर ही चलेगी। वहीं मथुरा जाने वाली बस की तो लगभग पूरी सीट भरी थीं, जिसके बाद भी यात्रियों के इंतजार में बस खड़ी थी। ईदगाह बस स्टैंड पर भी दर्जनों यात्रियों को विभिन्न रूट की बसों का इंतजार था, तो बिजली घर बस स्टैंड पर भी ऐसा ही हाल था। वाटर वक्र्स और भगवान टाकीज चौराहे के निकट भी दर्जनों सवारियां बसों का इंतजार करते हुए दिन भर दिखाई देती हैं। 

chat bot
आपका साथी