आगरा में पार्लर और सैलून संचालकों ने प्रशासन से की मांग, वीकली लॉकडाउन में मिले खोलने की अनुमति

कोरोना काल में व्यापार में हो रहे घाटे से परेशान हैं पार्लर और सैलून संचालक। साप्ताहिक बंदी और शादियों में लोगों की सीमित संख्या से भी हो रहा घाटा। मांग की गई है कि मंगलवार और गुरुवार को पार्लर्स की बंदी कर दें लेकिन शनिवार और रविवार को खोल दें।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 11:01 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 11:01 AM (IST)
आगरा में पार्लर और सैलून संचालकों ने प्रशासन से की मांग, वीकली लॉकडाउन में मिले खोलने की अनुमति
आगरा के एक पार्लर में पीपीई किट पहनकर कटिंग करता कर्मचारी।

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण काल में हर व्यापार मंदा हुआ है। बार-बार लाकडाउन और अब साप्ताहिक बंदी में अन्य व्यापार तो किसी तरह पटरी पर आ रहे हैं, लेकिन ब्यूटी पार्लरों के हाल-बेहाल हैं। शाम सात बजे दुकान बंद करने का नियम और शुक्रवार शाम से सोमवार सुबह तक की बंदी में पार्लर संचालक परेशान हो गए हैं। रही-सही कसर गर्मी ने पूरी कर दी है। इससे ग्राहकों की संख्या में गिरावट आई है। शादियों में निश्चित संख्या में लोग बुलाने के नियम ने भी काफी नुकसान पहुंचाया है। शहर में एक हजार से ज्यादा छोटे-बड़े पार्लर व सैलून हैं, जो प्रशासन से दो दिन की साप्ताहिक बंदी में भी दुकानें खोलने की अनुमति मांग रहे हैं।

व्यापार काफी कम हो गया है। अब शादियों की बुकिंग नहीं मिलती, महिलाएं अपने घरों में ही हल्का मेकअप कर शादियों में शिरकत कर लेती हैं।शाम को सात बजे पार्लर बंद करना पड़ता है, जबकि तभी लोग आते हैं। दिन में गर्मी की वजह से कोई न हीं आता। हमारी प्रशासन से मांग है कि शनिवार व रविवार पार्लर खोलने की अनुमति दी जाए, क्योंकि यह दो दिन लोग अपने घर पर होते हैं तो पार्लर में आकर काम करा सकेंगे। -दौलत परमार, संचालक, गायज एंड गल्‍स

कोरोना काल में कड़े प्रतिबंधों के कारण अधिकतर शादियां आगे की तिथियों पर टाल दी गईं। इस वजह से 70 से 80 फीसद बुकिंग कैंसिल हो गईं।इस दौरान पार्लरों पर सुरक्षा के साधन जैसे पीपीई किट, डिस्पोजेबल तौलिए, कैप, गाउन, ग्लव्ज, थर्मल स्कैनर तथा सैनिटाइजर आदि उपकरणों की वजह से लागत बढ़ गई है। परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं, प्रशासन को पार्लर संचालकों के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए। - स्वाति सिंह, संचालक, रायल मेकओवर्स

शनिवार एवं रविवार ऐसे दिन हैं जिस दिन लोगों की अब छुट्टी रहती है। इन दो दिनों में वो सैलून या पार्लरों में आना चाहेंगे। हम चाहते हैं कि प्रशासन मंगलवार और गुरुवार को हमारे लिए बंदी घोषित कर दे लेकिन शनिवार और रविवार को सैलून व पार्लर खोलने के आदेश दें, जिससे व्यापार में आई गिरावट कम हो सके। इसी तरह अगर किसी की शादी शनिवार या रविवार में है तो दुल्हन को तैयार करने के लिए पार्लर खोलने की अनुमति दी जाए। - शिवानी मिश्रा, संचालक, ग्लैम फैमिली लाउंज

कोरोना काल से पहले भी हमारे सैलून में रविवार को ही ज्यादा भीड़ होती थी। छुट्टी के कारण ज्यादातर लोग इसी दिन अपने बाल कटवाने या दाढ़ी बनवाने आते थे। लाकडाउन में तो व्यापार पूरी तरह से बंद रहा। अब किसी तरह सैलून खुले हैं तो बंदिशें बहुत ज्यादा हैं। हमारी प्रशासन से मांग है कि शनिवार और रविवार को सैलून खोलने की अनुमति दी जाए, जिससे हमारे व्यापार में भी तेजी आए।- नारायण भाटिया, संचालक, फ्रेंड्स हेयर ब्यूटी सैलून

chat bot
आपका साथी