करना होगा इंतजार, 23 घंटे बाद आएंगे जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम

-सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य और फिर प्रधान पदों का आएगा परिणाम दो शिफ्टों में 2600 कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी - 230 टेबलों पर एक साथ होगी मतगणना एक टेबल पर एक सुपरवाइजर दो सहायक सहित पांच लोग रहेंगे

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 11:39 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 11:39 PM (IST)
करना होगा इंतजार, 23 घंटे बाद आएंगे जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम
करना होगा इंतजार, 23 घंटे बाद आएंगे जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम

आगरा, जागरण संवाददाता। जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पदों के लिए मतगणना दो मई को सुबह आठ बजे शुरू होगी। जिले में चार पदों के लिए मतगणना एक साथ 15 स्थलों पर होगी। जिला पंचायत सदस्य के 51 पदों के लिए इंतजार करना होगा। जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम 23 घंटे बाद आएंगे। सबसे पहले ग्राम पंचायत सदस्य और फिर प्रधान पदों का परिणाम आएगा। मतों की गणना के लिए दो शिफ्टों में 2600 कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। एक शिफ्ट 12 घंटे की होगी। 230 टेबलों पर एक साथ वोट गिने जाएंगे। एक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक सहित पांच लोग रहेंगे।

जिले में 20.27 लाख वोटर हैं। 14.61 लाख वोटरों ने मतदान किया है। यह 72.12 फीसद है। एडीएम वित्त एवं राजस्व योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 115 न्याय पंचायत हैं। हर न्याय पंचायत में दो-दो टेबल होंगी, यानी कुल 230 टेबल होंगी। 3407 बूथों की मतपेटिकाओं को बारी-बारी से खोला जाएगा, फिर जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्य और प्रधान पदों के वोट अलग-अलग किए जाएंगे। इस कार्य में 40 मिनट से लेकर एक घंटा तक लगेगा। एक बूथ पर करीब आठ सौ मतदाता हैं। एक ग्राम पंचायत के बूथ एक ही टेबल पर खुलेंगे। छोटी ग्राम पंचायतों का परिणाम जल्द आएगा। सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी : जिले में 15 स्थलों पर मतगणना होगी। हर मतगणना स्थल पर आठ से दस सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परिसर में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

एजेंट के अलावा किसी अन्य को नहीं मिलेगा प्रवेश : मतगणना पंडाल में प्रत्याशी और एजेंट के अलावा अन्य किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें मास्क अनिवार्य रूप से लगाकर रहना होगा। मोबाइल, कैमरा या फिर गुटखा, पान मसाला अपने साथ रखने की अनुमति नहीं होगी।

कोविड प्रोटोकाल का पालन : डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि मतगणना स्थलों पर कोविड प्रोटोकाल का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाएगा। सभी अफसरों और कर्मचारियों को मास्क लगाकर रहना होगा। दो गज की शारीरिक दूरी का पालन भी करना होगा।

chat bot
आपका साथी