ताजमहल के साये में रविवार को गूंजेगा ऊं अर्हं नमः, मानस योग का मिलेगा प्रशिक्षण

आगरा दिगम्बर जैन परिषद द्वारा ताज खेमा में रविवर सुबह छह से आठ बजे तक होगा अर्हं-ए-ताज कार्यक्रम का आयोजन। मुनि प्रणम्य सागर व मुनि चंद्र सागर के सानिध्य में विभिन्न प्रांतों के लगभग 500 लोग लेंगे मानस योग का प्रशिक्षण।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 05:14 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 05:14 PM (IST)
ताजमहल के साये में रविवार को गूंजेगा ऊं अर्हं नमः, मानस योग का मिलेगा प्रशिक्षण
ताजमहल के साये में रविवार को होगा अर्हं-ए-ताज का आयोजन।

आगरा, जागरण संवाददाता। रविवार सुबह सूर्यदेव के लालिमा बिखेरने के साथ ताजमहल के साये में ऊं अर्हं नमः के स्वर गूंजेंगे। आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि प्रणम्य सागर और मुनि चंद्र सागर के सानिध्य में आगरा सहित विभिन्न शहरों के 500 से अधिक लोग अर्हं योग व ध्यान का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। आगरा दिगम्बर जैन परिषद द्वारा ताज पूर्वी गेट स्थित होटल ताज खेमा में रविवार को सुबह छठ से आठ बजे तक अर्हं-ए-ताज कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

बिहारीलाल जैन धर्मशाला, गुदड़ी मंसूर खां में शनिवार को हुई प्रेसवार्ता में अर्हं योग प्रणेता मुनि प्रणम्य सागर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अर्हं ध्यान योग का शिविर है। पांच मुद्राओं पर निर्भर अर्हं ध्यान योग की प्रक्रिया है। इसमें योग कम ध्यान ज्यादा है। शरीर में चक्रों को सक्रिय करके रोगों को दूर व मानसिक रूप से व्यक्ति को मजबूत बनाने की यह प्रक्रिया है। यह सिर्फ शारीरिक क्रियाओं का योग नहीं, इस योग के जरिए हम अपनी चेतना की शक्ति को महसूस कर सकते हैं। अपनी चेतना की शक्ति से अपने मस्तिष्क को व्यवस्थित और रोगों को दूर कर सकते हैं। आज की भाग-दौड़ वाली व व्यस्त जीवन-शैली में तनाव, अवसाद व आत्महत्या जैसे मामलों के बढ़ते ग्राफ को कम करने का इससे बेहतर तरीका कोई नहीं है। आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री सुनील जैन, अर्थ मंत्री राकेश जैन, मुख्य संयोजक मनोज कुमार जैन, संगठन मंत्री गौरव जैन, राजेश जैन, अजय जैन, विक्की जैन, सुदीप जैन, वीरेन्द्र कुमार जैन, सुभाष चंद जैन, दीपक जैन, शुभम जैन आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी