आगरा में बदमाशों से भिड़ गई वृद्ध मां, बदमाश का स्‍केच पुलिस ने किया जारी

ट्रांस यमुना में नर्स के घर बोला था धावा। नर्स की चाची के हाथ-पैर और मुंह पर चिपकाया टेप। थोड़ी भी देर हो जाती तो हो सकता था जान को खतरा। बेटे ने नर्स को किया फोन भाग निकले बदमाश। सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 12:31 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 12:31 PM (IST)
आगरा में बदमाशों से भिड़ गई वृद्ध मां, बदमाश का स्‍केच पुलिस ने किया जारी
बदमाशों के घर में दाखिल होने से दहशत में आया नर्स का परिवार।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र में शनिवार देर रात नर्स के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। वृद्ध चाची के हाथ-पैर और मुंह पर बदमाशों ने टेप चिपका दिया। उनकी बुजुर्ग मां बदमाशों से भिड़ गईं। बदमाशों को धक्का मारकर वे नर्स के बेटे के साथ कमरे में बंद हो गईं। बेटे ने नर्स को काल कर दिया। पकड़े जाने के डर से बदमाश हाथ में आए रुपयों और कागजात को लेकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। पुलिस ने रविवार शाम को एक बदमाश का स्केच जारी कर दिया।

ट्रांस यमुना कालोनी फेस दो निवासी सरिता हाईवे किनारे स्थित प्रिया हास्पिटल में पर्स हैं। वे शनिवार रात को ड्यूटी पर गई थीं। घर में 16 वर्षीय बेटा हनी, मां 65 वर्षीय अशर्फीदेवी और चाची 64 वर्षीय अंगूरी देवी मौजूद थीं। सरिता ने बताया कि उनके घर दो पालतू श्वान भी हैं। उनके नाम लियो और रॉकी हैं। रात में दो बदमाश गेट से कूदकर उनके घर में घुस आए। लियो और रॉकी ने उन्हें देखते ही भौंकना शुरू कर दिया। श्वान के भौंकने पर मां को अहसास हुआ कि घर में कोई आया है। मां यह देखने के लिए दरवाजे पर आईं। बेटा और चाची भी आ गए। बदमाशों के हाथ में रस्सी और चौड़ा वाला टेप लगा था। एक बदमाश ने उनके घर से प्लास्टिक का पाइप उठाया। उससे पहले श्वानों पर हमला किया। उसके बाद बदमाश घर में घुसे चले आए। चाची के हाथ-पैर और मुंह पर टेप चिपका दिया। विरोध करने पर अशर्फी देवी के ऊपर हमला बोला। उन्होंने पाइप छीनकर बदमाशों पर पलटकर वार किया। उनको धक्का भी मारा। असर्फी देवी के अंदाज से बदमाश घबरा गए। मौका मिलते ही वे हनी को लेकर कमरे में घुस गईं। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हनी ने सरिता को फोन करके बता दिया कि बदमाश घर में घुस आए हैं। इसके बाद सरिता हास्पिटल के स्टाफ को साथ लेकर घर की ओर चल दीं। साथ ही पुलिस को भी कॉल कर दिया। हनी के फोन पर बात करने की आवाज सुनकर बदमाश वहां से भाग निकले। जाते समय बदमाश सरिता का एक पर्स उठाकर ले गए। पर्स में दो हजार रुपये, एटीएम कार्ड और जरूरी कागजात रखे थे।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वह रात में ही मौके पर गए थे। पीड़ितों से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश कराई गई थी। लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, लेकिन उनमें चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। इसलिए नर्स के स्वजन से बातचीत कर एक बदमाश का स्केच तैयार कराया गया है। इसके आधार पर भी बदमाश की तलाश की जा रही है।

देर होने पर जा सकती थी जान

नर्स के घर में घुसे बदमाशों ने 64 वर्षीय अंगूरी देवी के हाथ और पैर पर टेप चिपकाने के साथ ही उनके मुंह पर भी टेप चिपका दिया था।टेप चौड़ा था, इसलिए यह नाक तक पहुंच गया था। इससे उनको सांस लेने में परेशानी हो रही थी। सरिता को हास्पिटल से घर पहुंचने में देर जाती तो उनकी जान भी जा सकती थी।

chat bot
आपका साथी