यमुनापार क्षेत्र में सफाई में बरती जा रही लापरवाही

शाहदरा कालिदी विहार नुनिहाई सहित अन्य क्षेत्रों में लगे हैं गंदगी के ढेर प्लाटों में कूड़ा फेंकते हैं कर्मचारी आए दिन होते हैं विवाद

By JagranEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 09:00 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 09:00 PM (IST)
यमुनापार क्षेत्र में सफाई में बरती जा रही लापरवाही
यमुनापार क्षेत्र में सफाई में बरती जा रही लापरवाही

आगरा, जागरण संवाददाता। सड़कों और गलियों की सफाई हो या फिर नालियों की। यमुनापार क्षेत्र में सफाई में लापरवाही बरती जा रही है। सफाई कर्मचारी प्लाटों में कूड़ा फेंकते हैं और शिकायतों के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। इसके चलते शाहदरा, कालिदी विहार, नुनिहाई सहित अन्य क्षेत्रों में गंदगी के ढेर लगे हैं। कर्मचारियों से क्षेत्रीय लोगों का आए दिन विवाद होता है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में हर साल तीस करोड़ रुपये खर्च होते हैं। मकसद एक ही होता है कि शहर साफ रहे और स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम की रैंक अच्छी आए। वर्ष 2020 में निगम देश में 16वें नंबर पर रहा था। वर्ष 2021 तक रिजल्ट अभी तक घोषित नहीं हुआ है।

दस दिनों में एक बार लगती है झाड़ू : शाहदरा लोधी बस्ती निवासी सीमा ने बताया कि दस दिनों में एक बार झाड़ू लगती है। कुछ यही हाल नालियों की सफाई का भी है। विनीता ने बताया कि नाली चोक होने पर खुद ही सफाई करनी पड़ती है।

यहां तो चोक पड़े हैं नाले : वार्ड 55 में शाहदरा मुख्य रोड व अन्य क्षेत्रों के नालों की अभी तक सफाई नहीं हुई है। नाले चोक होने के चलते आए दिन रोड पर पानी भर जाता है।

घाट बजरिया की बस्ती में लगाया गया पंप : नगर निगम की टीम ने घाट बजरिया की बस्ती में पंप लगा दिया है। इससे नाले के पानी को दूसरे नाले में फेंकने में मदद मिल रही है। जैसे ही पंप बंद होता है नाला ओवर फ्लो होने लगता है। - यमुनापार क्षेत्र में सफाई न होने की शिकायत मिली है। जल्द ही अफसरों के साथ बैठक की जाएगी। समस्या का समाधान कराया जाएगा।

नवीन जैन, मेयर

chat bot
आपका साथी