बीहड़ के कुख्यात बदन सिंह का शव लेने आगरा नहीं आया कोई, रिश्‍तेदार भी नहीं चल रहे पता

स्वजन के बारे में नहीं मिल सकी पुलिस को जानकारी। पुलिस ने लोगों से की अपील स्वजन के बारे में दें जानकारी। धौलपुर में भी थानों में चस्‍पा कराए गए हैं परचे। 72 घंटे तक नहीं आया कोई रिश्‍तेदार तो पुलिस खुद कराएगी अंतिम संस्‍कार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 10:15 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 10:15 AM (IST)
बीहड़ के कुख्यात बदन सिंह का शव लेने आगरा नहीं आया कोई, रिश्‍तेदार भी नहीं चल रहे पता
डॉक्‍टर उमाकांत गुप्‍ता का अपहरणकर्ता बदन सिंह। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। अपराध और आतंक का अंत ऐसे ही होता है। जिंदा था तो जलवा था। गुर्गे थे और पूछने वाले भी। मगर, मौत हुई तो अपनों ने भी शव से दूरी बना ली। एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बदन सिंह के मुठभेड़ में ढेर होने के बाद कुछ यही देखने को मिल रहा है। दाे दिन से उसका शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा है मगर, अभी तक कोई स्वजन और रिश्तेदार उसका शव लेने नहीं आया है। अब पुलिस ने लोगों से उसके रिश्तेदारों के बारे में जानकारी देने की अपील की है।

पांच करोड़ की फिरौती वसूलने के लिए बदन सिंह ने अपने गैंग के साथ मिलकर ट्रांस यमुना कालोनी निवासी डा. उमाकांत गुप्ता का 13 जुलाई को अपहरण कर लिया था। 14 जुलाई की रात को ही पुलिस ने चिकित्सक को मुक्त करा लिया था। इसके बाद एडीजी राजीव कृष्ण ने बदन सिंह पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। बुधवार देर रात जगनेर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में बदन सिंह ढेर हो गया। उसका शव पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया। मुठभेड़ में उसके साथ ढेर हुए साथी अक्षय के स्वजन तो गुरुवार रात को शव लेने पहुंच गए। मगर, बदन सिंह के स्वजन नहीं आए। रात को चिकित्सकों के पैनल ने अक्षय और बदन सिंह का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद भी बदन सिंह का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा है। पुलिस ने बदन सिंह की शिनाख्त होते ही धौलपुर के कंचन पुर थाने में बदन सिंह के मारे जाने की सूचना दे दी थी। बदन सिंह मूलरूप से कंचनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुलपुर का रहने वाला था। धौलपुर पुलिस उसके घर पहुंची तो पता चला कि अब्दुलपुर में 20 वर्ष पहले ही बदन सिंह का पूरा परिवार चला गया। अब वे कहां रहते हैं किसी को नहीं पता। बदन सिंह के डोजियर में एक रिश्तेदार का नाम है। मगर, यह एत्माद्दौला क्षेत्र से हुए अपहरण के मुकदमे में वांछित है। इसलिए यह पुलिस के सामने नहीं आ रहा है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि बदन सिंह के रिश्तेदारों के बारे में जानकारी करने को पुलिस की टीम धौलपुर भेजी गई है। अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। धौलपुर क्षेत्र में पंफलेट भी पुलिस ने थानों में चस्पा कराए हैं। साथ ही लोगों से अपील की है कि अगर कोई बदन सिंह के स्वजन या रिश्तेदार के बारे में जानकारी रखता है तो पुलिस को सूचना दे दें। शिनाख्त होने के 72 घंटे पूरे होने तक अगर कोई स्वजन नहीं आता है तो पुलिस ही बदन सिंह के शव का अंतिम संस्कार कराएगी।

chat bot
आपका साथी