Fogging and Sanitization: आगरा में नहीं हो रही फागिंग और न हो रहा सैनिटाइजेशन

नगर निगम प्रशासन द्वारा फागिंग और सैनिटाइजेशन का अभी तक रोस्टर तैयार नहीं किया गया है। नगर निगम और कलक्ट्रेट में हर दिन पहुंचती हैं 30 से 35 शिकायतें। बिना रोस्टर के चल रहा है कार्य। शिकायतें की जा रही हैं नजरअंदाज।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 03:06 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 03:06 PM (IST)
Fogging and Sanitization: आगरा में नहीं हो रही फागिंग और न हो रहा सैनिटाइजेशन
नगर निगम द्वारा फागिंग व सैनटाइजेशन नहीं कराया जा रहा है।

आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में फागिंग और सैनिटाइजेशन नहीं हो रही है। नगर निगम और कलक्ट्रेट में हर दिन 30 से 35 शिकायतें पहुंचती हैं। शिकायतों की जांच के आदेश दिए जाते हैं। निगम प्रशासन द्वारा फागिंग और सैनिटाइजेशन का अभी तक रोस्टर तैयार नहीं किया गया है। नुनिहाई निवासी बाल चंद्र ने बताया कि फागिंग न होने की तीन शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन कोई टीम नहीं पहुंची है।

इन क्षेत्रों में है समस्या

-सेवला क्षेत्र में तीन माह से न तो फागिंग हो रही है और न ही सैनिटाइजेशन। क्षेत्रीय लोग पांच से सात शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इनका निस्तारण नहीं किया गया है। न ही रोस्टर तैयार कर ठीक तरीके से कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रीय निवासी गौतम कुमार ने बताया कि मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान हैं। डेंगू के दो मरीज भी मिल चुके हैं।

-बिचपुरी रोड निवासी शिव कुमार ने अप्रैल, 2021 में फागिंग न होने की शिकायत की थी। जुलाई में दूसरी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक फागिंग नहीं हुई है, न ही सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। क्षेत्रीय लोग परेशान हैं। अब तक नौ शिकायतें की जा चुकी हैं। जगह-जगह जलभराव है।

-केके नगर निवासी जीएस रावत ने मार्च, 2021 में फागिंग को लेकर शिकायत की थी। निगम की टीम ने दो दिन के भीतर फागिंग का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक कोई टीम नहीं पहुंची है। जीएस रावत ने बताया कि क्षेत्र में तीन माह से सैनिटाइजेशन नहीं हुआ है। डेंगू का एक मरीज मिल चुका है।

कागजों में हो रही है फागिंग

शमसाबाद रोड निवासी बीएस गुप्ता ने बताया कि दो माह से क्षेत्र में फागिंग नहीं हुई है। डेंगू के तीन केस मिल चुके हैं। नगर निगम प्रशासन कागजों में फागिंग करा रहा है।

chat bot
आपका साथी