Arresting: आगरा के नगला फतूरी बवाल में नौ आरोपित गिरफ्तार, पक्षपात का आरोप लगा थाने पर हंगामा
पुलिस ने शांति भंग में किया चालान। हिंदूवादी संगठन ने घेरा थाना। पुलिस पर कार्रवाई में भेदभाव का लगाया आरोप। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपनी ओर से दर्ज किया मुकदमा। नाली बंद करने को हुआ था पड़ोसी से विवाद।
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला के नगला फतूरी में हुए बवाल में पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनका शांति भंग में चालान किया। मामले की जानकारी होने पर गुरुवार की सुबह हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव कर लिया। उन्होंने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
नगला फतूरी में बुधवार की रात नाली बंद करने को लेकर पुलिसकर्मी टीकम सिंह का पड़ोसी शाहरूख से विवाद हो गया था। टीकम सिंह का आरोप था कि शाहरूख पक्ष के लोगों ने पथराव किया। उसके परिवार की महिलाओं से अभद्रता की। वहीं, शाहरूख पक्ष का आरोप था कि थाने में शिकायत करने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने टीकम सिंह को चेतावनी दी थी। जिससे आक्रोशित होकर साथियों के साथ घर पर धावा बोल दिया था। बुधवार की रात को इसे लेकर दोनों पक्ष सामने आ गए। उनके बीच पथराव हो गया। मामले में दोनों पक्षाें की ओर से देर रात तक तहरीर नहीं दी गई। जिस पर उप निरीक्षक उमर फारूक ने बलवा, मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मुकदमे में नामजद आरोपित शाहरूख, जलालुद्दीन, सरफराज, अयान, पन्नालाल, मुकेश, अभिषेक, पप्पू, राजन को गिरफ्तार कर लिया। इन सबका शांति भंग में चालान कर दिया।
वहीं, पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा सीतानगर मंडल के अध्यक्ष मंगल सिंह चौहान, जितेंद्र पार्षद, नीरज गुप्ता, श्याम अग्रवाल आदि पदाधिकारी थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव कर हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस ने यह नहीं देखा कि गलती किसकी है। उसने महिलाओं से अभद्रता करने वाले सिर्फ चार लोगों को ही पकड़ा, जबकि एक पक्ष के पांच लोगों काे गिरफ्तार किया। इसकी शिकायत वह अधिकारियों से करेंगे।