BSP: ब्रज में बसपा की जड़ें मजबूत करने को दो दिन डेरा डालेंगे राष्ट्रीय महासचिव, आगरा के साथ फिरोजाबाद, एटा, पटियाली में करेंगे गोष्ठी

BSP 14 साल पहले जिसे ब्राह्मण कार्ड के सहारे बसपा ने देश के सबसे बड़े प्रदेश की कमान संभाली थी पार्टी वही कार्ड फिर से चलने जा रही है। इसके लिए प्रदेशभर में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 01:14 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 01:14 PM (IST)
BSP: ब्रज में बसपा की जड़ें मजबूत करने को दो दिन डेरा डालेंगे राष्ट्रीय महासचिव, आगरा के साथ फिरोजाबाद, एटा, पटियाली में करेंगे गोष्ठी
रविवार को आगरा पहुंचेंगे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र।

आगरा, जागरण संवाददाता। ब्रज में पार्टी की जड़ों को मजबूत करने के लिए बसपा राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र दो दिन के लिए आगरा में डेरा डालेंगे। बसपा प्रदेशभर में प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी आयोजित कर रही है। इसकी कमान सतीश चंद्र ही संभाल रहे हैं। वह रविवार सुबह ताजनगरी पहुंचेंगे। यहां खंदारी स्थित आरबीएस डिग्री कालेज के राव कृष्णपाल सिंह आडिटोरियम में प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी में शिरकत करेंगे। इसके बाद फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगे। यहां भी वह गोष्ठी को संबोधित करेंगे। रविवार रात फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानि सोमवार को पहले एटा और फिर पटियाली में भी प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी में भाग लेंगे।

बसपा ब्राह्मणों के सहारे नीले रंग को फिर से चटक करने की तैयारी में है। मगर, इस बार ब्राह्मण सम्मेलन की बजाय इसे प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी नाम दिया गया है। इन गोष्ठियों के माध्यम से ब्राह्मणों पर डोरे डाले जा रहे हैं। 14 साल पहले जिसे ब्राह्मण कार्ड के सहारे बसपा ने देश के सबसे बड़े प्रदेश की कमान संभाली थी, पार्टी वही कार्ड फिर से चलने जा रही है। इसके लिए प्रदेशभर में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश की सियासत में बसपा ब्राह्मण समाज को जोड़कर एक बार फिर सोशल इंजीनियरिंग पर ध्यान दे रही है। पार्टी ने इसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्र के कंधों पर डाली है। इसी के तहत राज्य के सभी 18 मंडलों और उसके बाद सभी जिलों में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। इसकी शुरुआत 23 जुलाई को अयोध्या में प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी से हो चुकी है। 

chat bot
आपका साथी