आगरा में पानी के विवाद में भ्रूण की हत्या, थैले में लेकर थाने पहुंची पीड़िता की सास

आगरा के शाहगंज के नरीपुरा में हुई घटना। पड़ोसी पर गर्भवती को लात मारने का आरोप। कुछ घंटे बाद हुआ महिला का गर्भपात। भ्रूण को लेकर थाने पहुंची पीड़िता की सास। पड़ोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 09:16 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 09:16 AM (IST)
आगरा में पानी के विवाद में भ्रूण की हत्या, थैले में लेकर थाने पहुंची पीड़िता की सास
पड़ोसी पर गर्भवती को लात मारने का आरोप।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के शाहगंज में पानी के लिए भ्रूण की हत्या का मामला सामने आया है।पड़ोसी ने गर्भवती महिला को पीट दिया। इसके बाद उसके पेट में लात मार दी। इसके चलते कुछ देर बाद ही महिला का गर्भपात हो गया। शनिवार की रात को महिला की सास भ्रूण को थैले में लेकर शाहगंज थाने पहुंच गई। पुलिस ने पीड़िता की सास तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

इंस्पेक्टर शाहगंज सत्येंद्र राघव ने बताया कि घटना शनिवार सुबह पांच बजे की है। थाने पहुंची नरीपुरा निवासी किशनदेवी ने बताया कि उसकी बहू पानी भरने गई थी। वहां पड़ोसी धन सिंह से पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। किशनदेवी का आरोप है कि धन सिंह ने बहू के पेट में लात मारने के बाद धक्का दे दिया। इससे बहू गिर गई, उसे दर्द होने पर डाक्टर को दिखाने गए। डाक्टर ने चेकअप किए बिना बहू को घर भेज दिया। शाम को उसका गर्भपात हो गया।

इंस्पेक्टर ने बताया किशनदेवी साक्ष्य के रूप में भ्रूण लेकर थाने आई थी। महिला से तहरीर देने की कहा, उसे लिखना नहीं आता था। उसने पुलिसकर्मी को बोलकर तहरीर लिखवाई। आरोपित धन सिंह के खिलाफ मारपीट और गर्भपात की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस साक्ष्याें के आधार पर आरोपित पर कार्रवाई करेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वहीं आरोपित पक्ष का पुलिस से कहना था कि आरोप गलत हैं।सुबह पानी भरने वह गया ही नहीं था। पुलिस चाहे तो जिस जगह की घटना बताई गई है, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर सकती है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमराें की फुटेज खंगाल रही है।

दो दिन पहले कागारौल में हुई थी हत्या

पानी के विवाद में दो दिन पहले कागारौल के बेरी चाहर में दर्जी पप्पू सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्यारोपित पूर्व फौजी राजेश और उसके चचेरे भाई उमेश को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित पानी की लाइन में टिल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहे थे। पप्पू सिंह द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद हुआ था। आरोपितों ने हमला बोलकर पप्पू सिंह की हत्या कर दी थी। 

chat bot
आपका साथी