नगर निगम का सदन आज, सफाई और सीवर समस्या पर हंगामे के आसार

तीसरे पहर तीन बजे से शुरू होगा सदन 43 करोड़ रुपये सालाना खर्च होने के बाद भी सीवर समस्या का नहीं हो रहा निस्तारण डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पटरी से उतरी ठीक से नहीं हो रही मानीटरिग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:33 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:33 PM (IST)
नगर निगम का सदन आज, सफाई और सीवर समस्या पर हंगामे के आसार
नगर निगम का सदन आज, सफाई और सीवर समस्या पर हंगामे के आसार

आगरा, जागरण संवाददाता । सफाई और सीवर समस्या को लेकर नगर निगम का विशेष सदन शुक्रवार को होने जा रहा है। सदन तीसरे पहर तीन बजे से शुरू होगा। सदन में हंगामे से इन्कार नहीं किया जा सकता है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पटरी से उतर गई है। नगर निगम के अफसरों द्वारा ठीक से मानीटरिग नहीं की जा रही है। वहीं 43 करोड़ रुपये सालाना खर्च होने के बाद भी सीवर समस्या से निजात नहीं मिल रही है। शिकायतों का निस्तारण ठीक से नहीं हो रहा है। हंगामे की आशंका को लेकर टास्क फोर्स तैनात रहेगा।

सफाई व्यवस्था एक नजर में

- सौ वार्डों से हर दिन 750 टन कूड़ा निकलता है। इसमें 400 टन सूखा और 350 टन गीला कूड़ा शामिल है।

- सूखे कूड़े को प्रासेस किया जाता है, जबकि गीले कूड़े से खाद तैयार होती है।

- 400 टन में 60 टन सिल्ट शामिल है।

- नगर निगम में हर दिन चार टन कूड़ा जलता है। पांच से छह टन कूड़ा नालों में फेंका जाता है।

- नगर निगम में 3,200 स्थायी और 3,000 संविदा व आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी हैं।

- सौ वार्डों में 321 नाले हैं, जिनमें 21 बड़े और 15 भूमिगत नाले शामिल हैं।

- 125 स्थायी और 200 अस्थायी डलावघर हैं।

- नगर निगम के पास 300 मशीनें हैं।

- फागिग की दो बड़ी और 22 छोटी मशीनें हैं।

- सफाई को लेकर हर दिन नगर निगम में 120 शिकायतें पहुंचती हैं। इनमें 65 फीसद शिकायतों का निस्तारण उसी दिन कर दिया जाता है।

सीवर समस्या एक नजर में

- शहर में 1,350 किमी लंबी सीवर लाइन है। मैनहोल की संख्या 25 हजार है।

- सात सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 22 सीवेज पंपिग स्टेशन हैं।

- वबाग कंपनी को हर साल 43 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता है।

- नगर निगम, जल संस्थान और वबाग कंपनी के पास हर दिन 150 सीवर समस्या की शिकायतें पहुंचती हैं। हर दिन 60 फीसद शिकायतों का निस्तारण होता है।

- ताजगंज, शाहगंज, कमला नगर, आवास विकास कालोनी सेक्टर एक से 16, ट्रांस यमुना, नुनिहाई, रामबाग, बोदला, सिकंदरा और दयालबाग क्षेत्र में सीवर समस्या सबसे अधिक है।

- रोड और गलियों में सीवर उफन रहा है। शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जाता है।

फोटो--- रामलीला ग्राउंड में धंसी 1,600 एमएम की सीवर लाइन

-वबाग कंपनी की टीम ने शुरू की लाइन की मरम्मत

जासं, आगरा : आगरा किला के सामने स्थित रामलीला ग्राउंड में 1,600 एमएम की सीवर लाइन धंस गई। लाइन धंसने से हजारों लीटर गंदा पानी बहने लगा। वबाग कंपनी की टीम ने दोपहर बाद लाइन की खोदाई शुरू की। इसके चलते गंदे पानी को नाले में छोड़ना पड़ा। कई जगहों पर वाल्व बंद कर गंदे पानी को डायवर्ट किया गया। वबाग कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि लाइन की मरम्मत में दो से तीन दिन लगेंगे।

chat bot
आपका साथी