तिरंगी रोशनी में रोशन हुए स्मारक, देशभक्ति के गूंजे तराने

कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ वीं डोज लगने पर हो रहा है आयोजन स्मारकों के बाहर लगाई गईं एलईडी स्क्रीन गुरुवार को रातभर होंगे रोशन

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 11:03 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 11:03 PM (IST)
तिरंगी रोशनी में रोशन हुए स्मारक, देशभक्ति के गूंजे तराने
तिरंगी रोशनी में रोशन हुए स्मारक, देशभक्ति के गूंजे तराने

आगरा, जागरण संवाददाता। शरद पूर्णिमा पर जब 16 कलाओं से युक्त चंद्रमा अपनी शीतल किरणों की रोशनी बिखेर रहा था, तब ताजनगरी के स्मारक तिरंगी रोशनी में आलोकित नजर आए। कोरोना वारियर्स के सम्मान में स्मारकों पर तिरंगी रोशनी डाली गई है। आजादी के अमृत महोत्सव में स्मारकों पर देशभक्ति के तराने गूंजे। अद्भुत, नयनाभिराम और अविस्मरणीय नजारे का शहरवासियों को दीदार कराने को एलईडी स्क्रीन लगाकर प्रसारण किया गया। गुरुवार को स्मारक पूरी रात रोशन होंगे।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने संस्कृति मंत्रालय से अनुमति प्राप्त कर देश में कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ वीं डोज लगने पर जश्न की तैयारी की है। कोरोना वारियर्स के सम्मान में देशभर से 100 स्मारकों को तिरगी रोशनी में रोशन करने को चुना गया है। इनमें एएसआइ के आगरा सर्किल में आने वाले छह स्मारक आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा (सिकंदरा), एत्माद्दौला और मथुरा स्थित गोविद देव मंदिर और मदन मोहन मंदिर शामिल हैं। बुधवार को आगरा किला के अमर सिंह गेट, फतेहपुर सीकरी में पंचमहल, अकबर के मकबरे में प्रवेश द्वार और एत्माद्दौला के यमुना किनारा की तरफ स्थित गेट पर तिरंगी रोशनी डाली गई। मथुरा के गोविद देव मंदिर और मदन मोहन मंदिर भी रोशन किए गए। स्मारकों के बाहर सड़क पर पर्यटकों को इस नजारे का दर्शन कराने को एलईडी लगाई गई थी। यहां देशभक्ति के गीत बज रहे थे और स्मारकों पर कृत्रिम प्रकाश की रोशनी में आजादी के अमृत महोत्सव का लोगों को दिखाया जा रहा था। इस नजारे को देख पर्यटकों में देशप्रेम जाग उठा। उन्होंने जमकर फोटोग्राफी करने के साथ सेल्फी भी लीं। एएसआइ ने भी इस नजारे की वीडियोग्राफी कराने के साथ ड्रोन से भी वीडियो शूट कराया है। आज पूरी रात रोशन होंगे स्मारक

कोरोना की 100 करोड़ वीं वैक्सीन गुरुवार को लगने की उम्मीद जताई जा रही है। एसआइ के आगरा सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने बताया कि गुरुवार को चयनित स्मारकों को रोशन करने का आदेश आ गया है। स्मारकों पर शाम ढलते ही तिरंगी रोशनी डाली जाएगी। पर्यटक इस नजारे को देख सकें, इसके लिए स्मारकों के बाहर एलईडी स्क्रीन लगा दी गई हैं। स्मारक में किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 13 को हुआ था ट्रायल

स्मारकों को तिरंगी रोशनी में आलोकित करने का ट्रायल 13 अक्टूबर को किया गया था। उम्मीद थी कि 13 या 14 अक्टूबर को 100 करोड़ वीं कोरोना वैक्सीन की डोज लगेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका था। एक दिन ही स्मारक रोशन हो सके थे। स्मारकों की तस्वीरें लोगों के जेहन में हमेशा के लिए बस गई हैं।

chat bot
आपका साथी