Monument Unlocked: एक घंटे तक बुक नहीं हुईं स्मारकों की टिकट, फिर भी रहा ताज पर पर्यटकों का दवाब

Monument Unlockedताजमहल देखने आने वाले पर्यटक करते रहे शिकायत। बादल छाने पर टिकट स्कैनिंग में भी हुई परेशानी। 3079 पर्यटकों ने शनिवार को निहारा ताजमहल। सप्ताहांत में स्मारक देखने आए सर्वाधिक पर्यटक।वर्तमान में एक दिन में अधिकतम पांच हजार पर्यटक ही ताजमहल देख सकते हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 08:57 AM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 08:57 AM (IST)
Monument Unlocked: एक घंटे तक बुक नहीं हुईं स्मारकों की टिकट, फिर भी रहा ताज पर पर्यटकों का दवाब
3079 पर्यटकों ने शनिवार को निहारा ताजमहल।

आगरा,जागरण संवाददाता। कोरोना काल में स्मारकों पर केवल ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था से शनिवार को पर्यटक परेशान हुए। सर्वर ठप होने से देशभर में किसी भी स्मारक की टिकट एक घंटे तक बुक नहीं हो पाईं। परेशान पर्यटक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और उप्र पर्यटन विभाग में शिकायतें करते रहे। सर्वर सही होने के बाद ही उनकी परेशानी दूर हो सकी।

एएसआइ ने स्मारकों पर कोविड काल में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार केवल ऑनलाइन टिकट की बुकिंग की व्यवस्था कर रखी है। विभाग की वेबसाइट और स्मारकों पर क्यूआर कोड स्कैन कर पर्यटक टिकट बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग में स्मारकों में पिछले कुछ दिनों से नेटवर्क की समस्या से दिक्कत आ रही है। पर्यटकों के एकाउंट से रकम कट जा रही है और उन्हें टिकट नहीं मिल रही है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सर्वर ठप हो गया। वेबसाइट औ क्यूआर कोड से टिकट बुक नहीं हो पाईं। नोएडा के संगकृत्यायन खान, हिमाचल प्रदेश के ऊना के जसबीर सिंह और दिल्ली के अनंत ने पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय में फोन कर टिकट बुक नहीं होने की शिकायत की। अपने परिवार के साथ ताज देखने पहुंचे दिल्ली के कार्तिक त्रिपाठी ने भी शिकायत की। इसके बाद पर्यटन विभाग द्वारा एएसआइ को समस्या से अवगत कराया गया। एएसआइ ने समस्या से दिल्ली मुख्यालय को अवगत कराने के साथ सर्वर का काम देखने वाली कंपनी से संपर्क साधा। करीब एक घंटे बाद सर्वर सही होने पर टिकट बुक होना शुरू हुआ। दाेपहर तीन बजे के करीब बादल होने पर टर्न स्टाइल गेटों पर मोबाइल से टिकट स्कैनिंग में दिक्कत आई, जिससे पर्यटक परेशान हुए।

सर्वर ठप होने से देशभर में समस्या हुई थी। करीब 22-23 मिनट तक समस्या रही थी। इससे तत्काल सर्वर मेंटीनेंस देखने वाली कंपनी को अवगत कराया गया, जिसके बाद सर्वर ठीक हो गया था।

-वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद

पर्यटकों की एकाउंट से रकम कटने और टिकट बुक नहीं हाेने की शिकायतें निरंतर आ रही हैं। एएसआइ को इससे अवगत करा दिया गया है। पर्यटकों की रकम 72 घंटे में उनके खाते में रिफंड हो जाएगी।

-अमित, उपनिदेशक उप्र पर्यटन

3079 पर्यटकों ने शनिवार को निहारा ताजमहल

कोरोना काल में सप्ताहांत में ताजमहल देखने का क्रेज पर्यटकों में बरकरार रहा। शनिवार को ताजमहल देखने 3079 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 28 विदेशी (सार्क देशों के आठ नागरिक समेत) शामिल थे। 21 सितंबर से खुले ताजमहल में यह संख्या सर्वाधिक रही। वर्तमान में एक दिन में अधिकतम पांच हजार पर्यटक ही ताजमहल देख सकते हैं।

21 सितंबर को ताजमहल खुलने पर आगरा के पर्यटन उद्यमियों ने वीकेंड टूरिज्म शुरू होने की बात कही थी। शनिवार को ताजमहल पर ऐसा ही देखने को मिला। एक घंटे तक सर्वर ठप रहने के बावजूद अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसके चलते पूर्वी व पश्चिमी गेट पर रजिस्टर में एंट्री और थर्मल स्क्रीनिंग के लिए लंबी लाइन लगी रहीं। पर्यटकों को इंतजार करना पड़ा। शनिवार को मुख्य मकबरे पर 1080 पर्यटक गए, जिनमें 1006 वयस्क और 74 बच्चे शामिल थे।

ताजमहल पर अब तक पर्यटकों की स्थिति

दिन, पर्यटक

सोमवार, 1235

मंगलवार, 1707

बुधवार, 1927

गुरुवार, 1735

शुक्रवार, साप्ताहिक बंदी

शनिवार, 3079

ताजमहल पर शनिवार को पर्यटकों की स्थिति

भारतीय, 2701

विदेशी, 20

सार्क, 8

भारतीय बच्चे, 350

अन्य स्मारकों पर शनिवार को अाए पर्यटक

स्मारक, पर्यटक

आगरा किला, 535

फतेहपुर सीकरी, 150

सिकंदरा, 150

एत्माद्दौला, 79

मेहताब बाग, 87

रामबाग, 26

मरियम टॉम्ब, 23

chat bot
आपका साथी