संक्रमित कूड़ा कलेक्शन में बरती जा रही है लापरवाही

संक्रमित कूड़े को पीले रंग के थैले में कलेक्ट करने के हैं आदेश - मानीटरिग में नगर निगम के अफसर हैं फेल होम आइसोलेट मरीजों पर नहीं है ध्यान

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 01:37 AM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 01:37 AM (IST)
संक्रमित कूड़ा कलेक्शन में बरती जा रही है लापरवाही
संक्रमित कूड़ा कलेक्शन में बरती जा रही है लापरवाही

केस-1

- कालिदी विहार निवासी शिव शंकर 27 अप्रैल को कोविड पाजिटिव हुए। 29 अप्रैल को उनकी बेटी और पत्नी भी कोरोना की चपेट में आ गए। तीन सदस्य होम आइसोलेट हैं। घर से हर दिन जो कूड़ा निकलता है, उसे सफाई कर्मचारी एक ही कूड़ा गाड़ी में रखता है, जबकि संक्रमित कूड़े को पीले रंग की पालीथिन में रखा जाना चाहिए। शिव शंकर ने कई बार कर्मचारी से पीले रंग की पालीथिन लाने के लिए कहा लेकिन कर्मचारी ने इसके न मिलने की बात कहकर टाल दिया। केस-दो - दौरेठा निवासी प्रीतम सिंह सहित परिवार के चार सदस्यों ने तीस अप्रैल को जिला अस्पताल में जांच कराई। एंटीजन टेस्ट में सभी सदस्य कोविड पाजिटिव निकले। घर पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए। प्रीतम सिंह ने बताया कि एक और दो मई को कूड़ा नहीं दिया लेकिन तीन मई को कूड़ा देना पड़ा। सफाई कर्मचारी से अलग कूड़ा कलेक्ट करने के लिए अनुरोध किया लेकिन उसने अनसुना कर दिया।

आगरा, जागरण संवाददाता। संक्रमित कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही बरतने के यह तो दो ही उदाहरण हैं। शहर में 2741 एक्टिव केस हैं। नियमानुसार होम आइसोलेट में जो मरीज हैं, उनके यहां पर कूड़ा उठाने का अलग से इंतजाम होना चाहिए। शासन की गाइड लाइन के अनुसार संक्रमित कूड़े को पीले रंग के थैले में कलेक्ट करना होता है फिर यह कूड़ा बायो मेडिकल वेस्ट के साथ निस्तारित होने के लिए जाता है। मेडिकल वेस्ट के निस्तारण का प्लांट आगरा और फीरोजाबाद के बार्डर पर लगा हुआ है। बोदला निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार में दो लोग कोविड पाजिटिव हैं। ये दस अप्रैल को हुए थे। सफाई कर्मचारी हर दिन संक्रमित कूड़ा एक ही गाड़ी में रखता है। इसकी शिकायत निगम के अफसरों से भी की जा चुकी है। उधर, निगम के अफसरों द्वारा ठीक तरीके से मानीटरिग नहीं की जा रही है, जिसके चलते संक्रमित कूड़े के उठान में इस तरह की लापरवाही बरती जा रही है।

सैनिटाइजेशन पर दिया जाए ध्यान

नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने गुरुवार दोपहर स्मार्ट सिटी सभागार में सैनिटाइजेशन अभियान सहित अन्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर शिकायत को सूचीबद्ध किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। मुख्य रोड हो या फिर गली, हर जगह सैनिटाइजेशन कराया जाए।

chat bot
आपका साथी