Loot in Agra: आगरा में दूल्हे के मामा से 12 लाख के गहने लूट ले गए बदमाश

Loot in Agra सिकंदरा के शास्त्रीपुरम क्षेत्र में घुड़चढ़ी के समय हुई वारदात। बैग में रखे थे दुल्हन के लिए गहने लूट का मुकदमा दर्ज। हर वर्ष शादी के सीजन में इस तरह की घटनाएं शुरू हो जाती हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 06:40 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 06:40 PM (IST)
Loot in Agra: आगरा में दूल्हे के मामा से 12 लाख के गहने लूट ले गए बदमाश
सिकंदरा के शास्त्रीपुरम क्षेत्र में घुड़चढ़ी के समय हुई वारदात।

आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा क्षेत्र में बरात की घुड़चढ़ी के समय बदमाशों ने दुस्साहसिक घटना की। दूल्हे के मामा के हाथ से 12 लाख रुपये के गहनों से भरा बैग लूट लिया।बैग में पुश्तैनी गहनों के साथ 45 हजार रुपये भी रखे थे। पीड़ित ने सिकंदरा थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। हाथरस के गिर्राज कालोनी निवासी डा. आकाश सिंह की 20 नवंबर को आगरा में बरात आई थी। सिकंदरा के शास्त्रीपुरम में स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह था। 20 नवंबर की रात 10 बजे घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था। बराती डांस कर रहे थे। आकाश के मामा अलीगढ़ निवासी शिक्षक जितेंद्र पाल सिंह के हाथ में एक बैग था। बैग में दुल्हन के लिए लाए गए गहने और कैश रखा था। बाइक सवार दो बदमाश तेज रफ्तार में वहां आए। बाइक की गति थोड़ी कम की और झपट्टा मारकर बैग छीनकर ले गए। शोर मचाते हुए उन्होंने बदमाशों का पीछा किया। मगर, बैंड के शोर में किसी ने उनकी आवाज नहीं सुनी। उन्होंने बैंड बंद कराया। तब बरातियों को घटना की जानकारी हुई।पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास स्थित एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक की।

घटनास्थल इस कैमरे में कवर नहीं हो रहा था। इसलिए बदमाशों के फुटेज नहीं मिल सके। जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बैग में रखे गहने उनकी बहन के पुश्तैनी थे। गहनों से पूरे परिवार की पुरानी यादें जुड़ी थीं।इंस्पेक्टर सिकंदरा विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर के अनुसार लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

शादियों के सीजन में शुरू हो जाती हैं घटनाएं

हर वर्ष शादी के सीजन में इस तरह की घटनाएं शुरू हो जाती हैं। कुछ वर्ष पहले सूर्य नगर कालोनी में भी घुड़चढ़ी के दौरान इसी अंदाज में वारदात हुई थी। शास्त्रीपुरम में सुनसान इलाके में कई मैरिज होम बने हैं। इनके बाहर भी घटनाएं हो चुकी हैं। शादियों के सीजन में मैरिज होम के आसपास ही ऐसे गैंग सक्रिय हो जाते हैं। पूरी रेकी करने के बाद वे वारदात करते हैं। 

chat bot
आपका साथी