Tajmahal Unlock: ताजमहल में एक बार में रह सकेंगे अधिकतम 650 पर्यटक, परेशानी बढ़ाएगी व्यवस्था

Tajmahal Unlock जिला प्रशासन ने किया एएसआइ के लिए आदेश। पर्यटकों का सिर दर्द बढ़ाने वाली होगी व्यवस्था। ताजमहल में प्रवेश को करना होगा धूप में इंतजार। ताजमहल की टिकट तीन घंटे के लिए वैलिड होती है। यह अवधि टिकट पर प्रिंट होती है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 04:07 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 04:07 PM (IST)
Tajmahal Unlock: ताजमहल में एक बार में रह सकेंगे अधिकतम 650 पर्यटक, परेशानी बढ़ाएगी व्यवस्था
जिला प्रशासन ने सीमित कर दी है ताजमहल में पर्यटकों की संख्या।

आगरा, जागरण संवाददाता। बुधवार से खुलने जा रहे ताजमहल में जिला प्रशासन ने कैपिंग कर दी है। ताजमहल में एक समय में अधिकतम 650 पर्यटक/जनसामान्य रह सकेंगे। इनमें बच्चे, गाइड और फोटोग्राफर भी शामिल होंगे। पर्यटकों के लिए यह व्यवस्था परेशानी बढ़ाने वाली साबित हो सकती है। 650 व्यक्तियों के स्मारक में एकत्र होने के बाद अन्य को रोकना होगा। पसीना छुड़ा देने वाली धूप में ताजमहल के बाहर पर्यटकों के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने ताजमहल समेत अन्य स्मारकों को खोलने का आदेश सोमवार को कर दिया था। आदेश में पर्यटकों की संख्या तय करने का अधिकार राज्य सरकार व जिला प्रशासन को सौंपा गया था। जिला प्रशासन ने मंगलवार को ताजमहल में एक समय में अधिकतम 650 पर्यटक/जनसामान्य की लिमिट तय कर दी। अन्य स्मारकों में पर्यटकों की संख्या कम रहती है, इसलिए उनमें पर्यटकों की कोई संख्या तय नहीं की गई है। ताजमहल के लिए बनाई गई व्यवस्था पर्यटकों के लिए परेशानी बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

तीन घंटे के लिए वैलिड है ताजमहल की टिकट

ताजमहल की टिकट तीन घंटे के लिए वैलिड होती है। यह अवधि टिकट पर प्रिंट होती है। इस अवधि से पूर्व एएसआइ किसी भी पर्यटक को ताजमहल से बाहर निकलने के लिए नहीं कह सकता है।

466 फोटोग्राफर करते हैं ताजमहल में काम

ताजमहल में एएसआइ के लाइसेंसधारक 466 फोटोग्राफर काम करते हैं। पिछले वर्ष स्मारक खुलने पर एएसआइ ने उन्हें चार ग्रुपों में बांटते हुए काम के स्लाट तय कर दिए थे। करीब छह घंटे की अवधि में 116 फोटोग्राफर स्मारक में रहते हैं। पर्यटकों के साथ गाइड भी आते हैं। जिला प्रशासन द्वारा तय की गई अधिकतम व्यक्तियों की सीमा में गाइड व फोटोग्राफर भी शामिल रहेंंगे, जिससे स्मारक में अधिकतम करीब 525 पर्यटक ही प्रवेश पा सकेंगे।

आसान नहीं होगा व्यवस्था करना

ताजमहल में हैड टू हैड प्रवेश और निकास करने वाले पर्यटकों के आंकड़े जानने की कोई व्यवस्था नहीं है। स्मारक में दो गेटों पूर्वी व पश्चिमी से पर्यटकों का प्रवेश और तीन गेटों पूर्वी, पश्चिमी व दक्षिणी से निकास होता है। एएसआइ को पर्यटकों को गिनना होगा। स्मारक में 650 पर्यटकों/जनसामान्य के प्रवेश के बाद अन्य को प्रवेश से रोकना होगा। उन्हें तभी प्रवेश मिल सकेगा, जब कुछ पर्यटक स्मारक देखने के बाद बाहर आ जाएंगे। ऐसा करना एएसआइ के लिए अासान नहीं होगा।

परिवार के साथ आए पर्यटकों का क्या होगा?

ताजमहल देखने परिवार के साथ पर्यटक आते हैं। किसी परिवार में अगर पांच सदस्य हुए आैर ताजमहल से दो ही पर्यटक बाहर निकलकर आए तो परिवार के सभी सदस्यों को स्मारक में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। या तो दो सदस्य प्रवेश पा सकेंगे या फिर उन्हें तीन और पर्यटकों के स्मारक से बाहर आने का इंतजार करना होगा।

वीकेंड में बढ़ाएंगे संख्या

डीएम प्रभु एन. सिंह ने बताया कि ताजमहल पर शुरुआती दिनों के लिए यह व्यवस्था की गई है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर और वीकेंड में इस लिमिट को बढ़ाया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी